Supreme Court Took Suo Motu Cognizance Of Karnataka High Court Judge Vedavyasachar Srishananda Alleged Objectionable Comments Mini Pakistan
HC जज ने मुस्लिम इलाके को बताया मिनी पाकिस्तान, सुप्रीम कोर्ट ने मांगा जवाब
Supreme Court: उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को अदालत की कार्यवाही के दौरान एक महिला वकील के खिलाफ कर्नाटक उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की कथित विवादित एवं आपत्तिजनक टिप्पणियों पर स्वत: संज्ञान लिया.
HC Judge Mini Pakistan Remarks: कर्नाटक हाईकोर्ट के एक जज की टिप्पणी पर सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को स्वत: संज्ञान लिया. एक मामले की सुनवाई के दौरान कर्नाटक हाईकोर्ट के जज ने बेंगलुरु के मुस्लिम इलाके को मिनी पाकिस्तान कहा था. अब इस मामले को लेकर शीर्ष अदालत ने जवाब मांगा है.
न्यायिक कार्यवाही के दौरान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश वेदव्यासाचार्य श्रीशानंद की टिप्पणियों पर स्वत: संज्ञान लेते हुए प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ एवं वरिष्ठ न्यायाधीशों की पांच सदस्यीय पीठ सुबह बैठी. पीठ ने न्यायाधीश की टिप्पणी पर उच्च न्यायालय से एक रिपोर्ट मांगी.
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
प्रधान न्यायाधीश ने कहा, ‘अदालती कार्यवाही के दौरान कर्नाटक उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति की टिप्पणी को लेकर मीडिया में आई खबरों पर संज्ञान लिया जाता है. हम कर्नाटक उच्च न्यायालय से उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश से निर्देश लेने के बाद रिपोर्ट जमा करने का अनुरोध करते हैं.’
दो दिनों में दाखिल करनी होगी रिपोर्ट
पीठ ने कहा, ‘हम कुछ बुनियादी दिशानिर्देश निर्धारित कर सकते हैं.’ पीठ में न्यायमूर्ति संजीव खन्ना, न्यायमूर्ति बी. आर. गवई, न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति ऋषिकेश रॉय शामिल थे. प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि रिपोर्ट दाखिल करने की प्रक्रिया अगले दो दिनों में हो जानी चाहिए और रिपोर्ट शीर्ष अदालत के महासचिव के पास दाखिल की जाए.
बुधवार को होगी अगली सुनवाई
याचिका पर अब अगली सुनवाई बुधवार को होगी. सोशल मीडिया पर प्रसारित अदालती कार्यवाही के वीडियो में न्यायाधीश को बृहस्पतिवार को एक महिला वकील को फटकार लगाते हुए और कथित तौर पर कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए देखा जा सकता है.
जस्टिस श्रीशानंद के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं. वीडियो में, वे बेंगलुरु के मुस्लिम बहुल इलाके को “मिनी पाकिस्तान” कहते हैं और दूसरे वीडियो में वे एक महिला वकील के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए देखे गए.
दूसरी घटना में, जस्टिस श्रीशानंद को महिला वकील से यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वह “विपक्षी दल” के बारे में बहुत कुछ जानती हैं, इतना कि वह उनके अंडरगारमेंट्स का रंग भी बता सकती हैं. वरिष्ठ अधिवक्ता इंदिरा जयसिंह ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर प्रधान न्यायाधीश से इन टिप्पणियों पर स्वत: न्यायिक संज्ञान लेने का अनुरोध किया है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.