UN में सुषमा स्वराज का पाक के खिलाफ 'सर्जिकल स्ट्राइक', कहा दोमुही बात करने वाले से भारत कैसे बातचीत करे

स्वराज ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान के साथ बातचीत के लिए कई प्रयास किए और इसे रोके जाने का एकमात्र कारण पाकिस्तान का बर्ताव है.

Updated: September 29, 2018, 11:29 PM IST

संयुक्त राष्ट्र: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में विश्व के नेताओं से कहा कि पाकिस्तान की आतंकवाद के प्रति राज्य की नीति के तौर पर प्रतिबद्धता अंश मात्र भी कम नहीं हुई है. स्वराज ने सवाल किया कि भारत ऐसे देश से वार्ता कैसे आगे बढ़ा सकता है जो हत्यारों का महिमामंडन करता है तथा मुम्बई आतंकवादी हमले के मुख्य षडयंत्रकर्ता को ‘‘बेरोकटोक घूमने’’ दे रहा है.

स्वराज ने पाकिस्तान पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भारत ने पाकिस्तान के साथ बातचीत के लिए कई प्रयास किए और इसे रोके जाने का एकमात्र कारण पाकिस्तान का बर्ताव है. उन्होंने UNGA के

73वें सत्र को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हम पर वार्ता प्रक्रिया को रोकने का आरोप हैं. यह पूरी तरह से झूठ है. हमारा मानना है कि बातचीत सबसे जटिल विवादों को हल करने का एकमात्र तर्कसंगत माध्यम है. पाकिस्तान के साथ बातचीत कई बार शुरू हुयी. अगर वे रुक गयीं तो इसका एकमात्र कारण सिर्फ पाकिस्तान का आचरण था.’’

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री इमरान खान ने सत्ता संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा और महासभा से इतर दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच बैठक का सुझाव दिया. भारत ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया लेकिन उसकी स्वीकृति के कुछ घंटों के भीतर ही खबरें आयीं कि आतंकवादियों ने तीन भारतीय जवानों की हत्या कर दी है. सुषमा ने सवाल किया, “क्या इससे वार्ता की इच्छा का संकेत मिलता है.”

उन्होंने कहा कि भारत की विभिन्न सरकारों ने वर्षों से पाकिस्तान के साथ शांति का विकल्प अपनाने की कोशिश की. प्रधानमंत्री मोदी ने सार्क देशों के प्रमुखों को अपने शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित करके अपने पहले दिन से ही संवाद के लिए प्रयास शुरू कर दिया था. उन्होंने कहा कि वह खुद भी दिसंबर 2016 में इस्लामाबाद गयीं और व्यापक द्विपक्षीय वार्ता की पेशकश की. उन्होंने कहा, ‘‘”लेकिन जल्द ही, पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों ने दो जनवरी को पठानकोट में हमारे वायुसेना अड्डे पर हमला किया. कृपया मुझे बताएं कि आतंकवादी रक्तपात के बीच हम कैसे वार्ता कर सकते हैं.”

पाकिस्तान सबक सीखे या नहीं, बॉर्डर पर कार्रवाई जारी रहेगी: रक्षा मंत्री सीतारमण

उन्होंने कहा कि आतंकवाद का दानव विश्व के पीछे लगा हुआ है. कहीं पर इसकी गति तेज है, कहीं यह धीमी लेकिन यह सभी जगह जीवन के लिए खतरा है. उन्होंने कहा, ‘‘हमारे मामले में आतंकवाद दूरदराज के इलाकों में उत्पन्न नहीं होता बल्कि हमारे पश्चिम में सीमा के पार होता है. हमारे पड़ोसी की विशेषज्ञता केवल आतंकवाद का आधार बढ़ाने तक ही सीमित नहीं है, उसे दोमुही बातें करके द्वेषभाव को छुपाने में महारत हासिल है.’’

विवेक की पत्नी ने कहा- BJP सरकार बनने पर खुशियां मनाई थी, उसी ने हमारे साथ ऐसा किया

न्यूयॉर्क में 9/11 आतंकवादी हमले के हत्यारों को अपनी करनी का फल मिला लेकिन मुम्बई आतंकवादी हमले का मास्टरमाइंड हाफिज सईद अभी तक पाकिस्तान की सड़कों पर खुलेआम घूम रहा है. उन्होंने हिंदी में दिये अपने भाषण में विश्व नेताओं से कहा कि पाकिस्तान की दोमुही बात करने का जीवंत उदाहरण यह तथ्य है कि 9/11 आतंकवादी हमले के षड्यंत्रकर्ता ओसामा बिन लादेन को देश में सुरक्षित पनाहगाह दी गई. विश्व के सबसे वांछित आतंकवादी के अमेरिका के विशेष बलों द्वारा मारे जाने के बावजूद ‘‘पाकिस्तान इस तरह से व्यवहार करता रहा जैसे कुछ हुआ ही नहीं है.’’

उन्होंने कहा कि ‘‘पाकिस्तान की आतंकवाद के प्रति राज्य की नीति के तौर पर प्रतिबद्धता अंश मात्र भी कम नहीं हुई है. न ही पाखंड पर उसके भरोसे में कमी आई है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हुआ यह है कि विश्व अब इस्लामाबाद पर विश्वास करने को तैयार नहीं है.’’ उन्होंने इस संबंध में वित्तीय कार्रवाई कार्यबल (एफएटीएफ) का उल्लेख किया जिसने पाकिस्तान को आतंकवादी वित्तपोषण को लेकर चेतावनी दी है.

राफेल पर बयान को लेकर रक्षामंत्री ने ओलांद पर कसा तंज, राहुल पर भी निशाना

पाकिस्तान द्वारा भारत पर बार-बार मानवाधिकार उल्लंघन का आरोप लगाए जाने पर सुषमा ने कहा कि आतंकवादियों से ज्यादा मानव अधिकारों का उल्लंघन करने वाला कौन हो सकता है? उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हत्यारों का महिमामंडन करता है और उसे निर्दोषों का खून नहीं दिखता. सुषमा स्वराज ने कहा कि पाकिस्तान की यह आदत हो गयी है कि वह अपने दोषों को ढकने के लिए भारत के खिलाफ धोखे और छल का आरोप लगाता है.

सार्क सम्मेलन में सुषमा की अनदेखी के बाद पाक विदेश मंत्री ने की अनर्गल टिप्पणी

उन्होंने जिक्र किया कि संयुक्त राष्ट्र ने पिछले साल पाकिस्तान की धोखाधड़ी को देखा था जब उसके प्रतिनिधि ने जवाब देने के अपने अधिकार का इस्तेमाल करते हुए कुछ तस्वीरों को भारत के कथित “मानवाधिकार उल्लंघन” के सबूत के तौर पर प्रदर्शित किया था. उन्होंने कहा कि लेकिन वे तस्वीरें दूसरे देश की निकलीं और पाकिस्तान को वैश्विक स्तर पर शर्मिंदगी उठानी पड़ी. उन्होंने कहा, ‘‘इसी तरह से झूठे आरोप उसकी मानक बयानबाजी का हिस्सा बन गए हैं.’’

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.