जोरदार धमाके से दहला तमिलनाडु, पटाखा फैक्ट्री में हुआ ब्लास्ट; 18 लोगों की गई जान

Written By: Gargi Santosh Updated by: Gargi Santosh
Updated Date:April 19, 2026 6:10 PM IST

Tamil Nadu Blast: तमिलनाडु में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका हुआ, जिसमें 18 लोगों की मौत और कई घायल हुए. जानिए ये विस्फोट किस कारण से हुआ?

तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के पास कट्टानारपट्टी स्थित वनजा पटाखा फैक्ट्री में रविवार को भीषण धमाका हुआ. न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए. मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा - विरुधुनगर जिले में पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट में कई लोगों की मृत्यु की दुखद खबर से गहरा दुख हुआ है. मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं.

Advertising
Advertising

CM स्टालिन ने घटनास्थल पहुंचकर की निगरानी

उन्होंने कहा कि मैंने मंत्री केकेएसएसआर रामचंद्रन और थंगम थेन्नारासु से तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्यों में तेजी लाने और उनकी निगरानी करने तथा प्रभावित परिवारों को सांत्वना देने का अनुरोध किया है. इस घटना की सूचना मिलते ही मैंने जिला कलेक्टर से संपर्क किया और उन्हें सभी आवश्यक सहायता समन्वय करने का निर्देश दिया है.

धमाके के बाद मच गई अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक, इस फैक्ट्री का मालिकाना हक गोविंदनाल्लूर निवासी मुथु मानिकम के पास है. यह एक वैध आरडीओ लाइसेंस के तहत संचालित हो रही थी. फैक्ट्री परिसर में 30 से अधिक कमरे बने हुए हैं और यहां 50 से ज्यादा कर्मचारी कार्यरत हैं.

रविवार को जब लगभग 30 कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर मौजूद थे, तभी अचानक एक जोरदार विस्फोट हुआ. इस धमाके से फैक्ट्री के कम से कम चार कमरों को भारी नुकसान पहुंचा और देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई.

करीब एक घंटे बाद पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे बाद, आग पर काबू पाया. हादसे के समय फैक्ट्री में 30 से अधिक लोग मौजूद थे, जिनमें से कई मलबे के नीचे दब गए. बचाव दल ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश जारी रखी.

किस कारण हुआ धमाका? इसका पता चलना अभी बाकी

अब तक लगभग 18 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है. इस घटना के बाद, प्रशासन और पुलिस विभाग भी हरकत में आ गया है. पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीनाथ स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और पूरे मामले की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं.

प्रारंभिक आशंका है कि विस्फोट फैक्ट्री में रखे ज्वलनशील पदार्थों के कारण हुआ हो सकता है. हालांकि, वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा. इस हादसे ने एक बार फिर पटाखा फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें