200 यूनिट तक फ्री बिजली, 8g सोना, महिलाओं को 2500 रुपये... तमिलनाडु TVK के घोषणापत्र में और क्या-क्या?
थलपति विजय की पार्टी TVK ने तमिलनाडु चुनाव 2026 के लिए घोषणापत्र जारी कर दिया है. इस बार में घोषणापत्र AI को शासन और शिक्षा में शामिल करने पर जोर दिया गया है.
तमिलनाडु में आगमी विधानसभा चुनाव के लिए थलपति विजय ने अपनी पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम (टीवीके) का घोषणापत्र जारी किया है. इस घोषणापत्र में तात्कालिक राहत और लंबी अवधि के विकास दोनों पर ध्यान दिया गया है. खास बात यह है कि घोषणापत्र में टेक्नोलॉजी - आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को शासन और शिक्षा में शामिल करने पर जोर दिया गया है. वहीं, विजय ने भी साफ किया है कि उनकी पार्टी सिर्फ राजनीति नहीं बल्कि सिस्टम में बदलाव लाने की सोच लेकर आई है.
कल्याणकारी योजनाओं पर फोकस ज्यादा
टीवीके ने अपने घोषणापत्र में महिलाओं, युवाओं और कमजोर वर्गों को ध्यान में रखते हुए कई योजनाएं तैयार की हैं. चलिए आपको बताते हैं TVK ने इस बार तमिलनाडु की जनता से क्या-क्या वादे किए हैं?
TVK के घोषणापत्र में क्या-क्या?
- महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये देने का वादा.
- ग्रेजुएट को 4,000 रुपये और डिप्लोमा धारकों को 2,500 रुपये बेरोजगारी भत्ता देने का वादा.
- इंटर्नशिप के लिए 5,000 से 8,000 रुपये तक का स्टाइपेंड.
- पांच लाख युवाओं के लिए 18,000 रुपये की रोजगार सहायता योजना.
- वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को 3,000 रुपये मासिक पेंशन.
- पेंशन योजना का दायरा बढ़ाकर 15 लाख लोगों तक करना का वादा है.
- महिलाओं के लिए 5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण.
- गरीब दुल्हनों के लिए करीब एक तोला सोना (Gold) और रेशमी साड़ी देना का वादा.
- सरकारी जमीन पर मुफ्त आवासीय पट्टे का भी घोषणापत्र में जिक्र है.
स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार का वादा
इसके अलावा, पार्टी ने स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है. टीवीके का कहना है कि हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए. इसलिए मुफ्त हेल्थ चेक-अप, सस्ती दवाइयां और कैंसर के लिए विशेष बीमा कवर देने का वादा है. साथ ही 200 यूनिट मुफ्त बिजली, पाइप से साफ पानी और साल में छह मुफ्त LPG सिलेंडर देने का प्लान है.
शिक्षा और रोजगार में तकनीक पर फोकस
घोषणापत्र में शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र को भविष्य की जरूरतों के अनुसार ढालने की बात कही गई है. पार्टी ने AI आधारित शिक्षा प्रणाली लागू करने का वादा किया है, जिससे छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी में मदद मिल सके. इसके साथ ही कक्षा 6 से 12 तक के लिए मुफ्त आवासीय स्कूल खोलने की योजना भी शामिल है. रोजगार क्षेत्र में युवाओं को कौशल और अवसर देने पर जोर दिया गया है.
किसानों, मजदूरों के लिए भी खास प्लान
यही नहीं टीवीके ने किसानों और मजदूरों के लिए भी कई घोषणाएं की हैं. किसानों को कर्ज में राहत, सौर ऊर्जा योजनाएं और मछुआरों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य जैसी सुविधाएं देने की बात कही गई है. वहीं मजदूर वर्ग के लिए वेतन बढ़ाने और लंबे समय से काम कर रहे कर्मचारियों को आर्थिक लाभ देने का प्रस्ताव रखा गया है. साथ ही नशा मुक्त तमिलनाडु’ अभियान के जरिए कानून-व्यवस्था सुधारने का भी वादा किया गया है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें