तमिलनाडु में थलपति विजय का सरकार बनाना हुआ मुश्किल, गवर्नर ने मांगे 118 विधायकों के साइन, DMK को हॉर्स ट्रेडिंग का डर
234 सदस्यीय विधानसभा में TVK के पास 108 सीटें हैं. विजय दो सीटों पर जीते हैं, इसलिए एक सीट छोड़ने पर यह 107 रह जाएंगी. कुल सीटें 233 होने पर भी बहुमत 118 ही रहेगा, इसलिए TVK को 11 और विधायक चाहिए.
थलपति विजय बुधवार की शाम को भी 112 विधायकों के साइन वाला सपोर्ट लेटर लेकर लोकभवन पहुंचे थे. (ANI)
तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं. एक्टर थलपति विजय ने 2 साल पुरानी पार्टी से तमिलनाडु की सियासत की पूरी बाज़ी तो पलट दी, लेकिन बहुमत से कम नंबर होने के कारण सरकार नहीं बना पा रहे हैं. तमिलागा वेट्री कज़गम (TVK) चीफ थलपति विजय गुरुवार को लगातार दूसरे दिन राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मिलने लोकभवन पहुंचे. उन्होंने 112 विधायकों के सपोर्ट लेटर के साथ सरकार बनाने का दावा पेश किया. बहुमत साबित करने के लिए उन्होंने कुछ दिनों की मोहलत भी मांगी. लेकिन, राज्यपाल ने विजय को दूसरी बार भी लौटा दिया है. राज्यपाल ने विजय को सभी 118 विधायकों के साइन लेकर आने को कहा है. इसके बाद ही वह मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकेंगे. इस बीच DMK और AIADMK को हॉर्स ट्रेडिंग (विधायकों की खरीद-फरोख्त) का डर सता रहा है. DMK ने अपने कुछ और AIADMK ने अपने 28 विधायकों को पुडुचेरी शिफ्ट कर दिया है.
तमिलनाडु चुनाव में थलपति विजय की पार्टी तमिलागा वेट्री कज़गम (TVK) को 108 सीटें मिली हैं. विजय ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा और दोनों ही जीत गए थे. इसलिए नियम के मुताबिक उन्हें एक सीट छोड़नी होगी. इस हिसाब से TVK के नंबर घटकर 107 हो जाते हैं. कांग्रेस के 5 विधायकों के सपोर्ट के साथ आंकड़ा 112 होता है.
धुरंधर थलपति विजय के किंगमेकर कौन? समझिए बहुमत से दूर होकर भी तमिलनाडु में कैसे बन सकती है TVK सरकार
बुधवार की शाम को भी विजय 112 विधायकों के साइन वाला सपोर्ट लेटर लेकर लोकभवन पहुंचे थे. तब भी उन्हें लौटना पड़ा था. गुरुवार को राज्यपाल ने थलपति विजय से कहा कि वे राज्य में स्थिर सरकार चाहते हैं. इसलिए सरकार बनाने का दावा पेश करने से पहले 118 विधायक होने जरूरी हैं.
थलपति विजय को रोकने के लिए क्या साथ आ सकती है DMK-AIADMK?
राज्य में DMK और AIADMK जैसी धुर विरोधी पार्टियों के गठबंधन की अटकलें लग रही हैं. असल में TVK चीफ थलपति विजय ने बुधवार को राज्यपाल के सामने कांग्रेस के सपोर्ट लेटर के साथ सरकार बनाने का दावा पेश किया है. लेकिन, राज्यपाल ने विजय को बाकी 5 विधायकों के साइन लाने को कहा है, ताकि बहुमत के नंबर पूरे हो सके. ऐसे में विजय ने राज्यपाल से मोहलत मांगी है. पहले शपथ ग्रहण की डेट 8 मई तय हुई थी. चूंकि, नंबर नहीं हैं; इसलिए माना जा रहा है कि शपथ ग्रहण आगे के लिए टल सकता है. इस बीच DMK-AIADMK के एक्टिव होने की अटकले हैं. राजनीति में कुछ भी मुमकिन नहीं होता. इसलिए सत्ता के लिए दो धुर-विरोधी हाथ मिला लें, इसकी संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता.
कैसे बनी TVK?
एक्टर थलपति विजय लंबे समय से अपने सामाजिक कामों और फैन क्लब नेटवर्क के जरिए जनता से जुड़े रहे हैं. उनके फैन क्लब विजय मक्कल इयक्कम’ ने कई मौकों पर सामाजिक सेवा, राहत कार्य और शिक्षा से जुड़े कार्यक्रम चलाए हैं. यही नेटवर्क बाद में उनकी राजनीतिक पार्टी के लिए मजबूत आधार बना. TVK के गठन के समय विजय ने साफ किया कि उनका फोकस जनता की भलाई, पारदर्शिता और विकास पर होगा.
दो सीट से चुनाव लड़े थलपति विजय
थलपति विजय ने पेरंबूर और तिरुचिरापल्ली सीट से चुनाव लड़ा. दोनों सीट से जीत मिली है. पेरंबूर में विजय ने 120365 वोटों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की. उन्होंने DMK के आरडी शेखर को 53 715 वोटों से हराया. विजय को 58.89% वोट मिले. तिरुचिरापल्ली में विजय को 91,381 वोटों से जीत मिली. उन्होंने DMK के एसआई इरुदयाराज को हराया.
क्या होगा सरकार बनाने का फॉर्मूला?
अब TVK को सरकार बनाने के लिए 2 फॉर्मूला बन रहा है. पहला- AIADMK अपनी सहयोगी BJP से अलग हो जाए. TVK के साथ गठबंधन कर ले. इस हिसाब से दोनों के नंबर मिलाकर बहुमत से ज्यादा हो जाएंगे. 108+47=155. TVK को समर्थन देने के बदले में AIADMK कर कुछ मंत्री पद ले सकती है.
दूसरा फॉर्मूला- कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार बनाने के लिए TVK स्टालिन की पार्टी DMK गठबंधन के सहयोगियों कांग्रेस, विदुथलाई, चिरुथैगल काची और लेफ्ट से औपचारिक बातचीत शुरू कर चुकी है. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ये भी दावा किया है कि TVK ने सरकार बनाने के लिए अप्रोच किया है. इस हिसाब से देखें, तो चुनाव में कांग्रेस को 5 सीटें मिली हैं. PMK को 4, IUML को 2, CPI को 2 और CPIM को 2 सीटें मिली हैं. इनको जोड़ दें तो आंकड़ा 123 हो जाता है, जो बहुमत के पार है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें