Delhi Flood: बाढ़ पीड़ित परिवारों को दिल्ली सरकार 10 हज़ार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी. दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ये घोषणा की है. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यमुना नदी के किनारे कई गरीब परिवार बसे थे, जिनका घर डूब गया और उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ा. ऐसे परिवारों को दिल्ली सरकार दस हज़ार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जिनके आधार कार्ड आदि बह गए हैं, उन गरीबों को राहत के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे. इसके साथ ही जिन बच्चों की किताबें और स्कूल की ड्रेस बह गई है, उन्हें स्कूल की तरफ से किताबें और ड्रेस दी जाएगी.
बता दें कि अत्यधिक बारिश और हरियाणा से हथिनीकुंड बैराज से अधिक पानी छोड़े जाने के चलते यमुना नदी उफना गई. और दिल्ली के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. पानी लाल किला और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया. कई इलाके तो पूरी तरह से डूब गये. लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े. मेट्रो ट्रेन कई स्टेशन बंद करने पड़े और सड़कें भी बंद की गईं. हालाँकि अब स्थिति काफी सुधरी है. दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर लगातार कम हो रहा है. जी मीडिया संवाददाता ने बताया कि सुबह आठ बजे यमुना का जलस्तर 206.02 पर दर्ज किया गया. जल्द ही खतरे के निशान 205.33 मीटर के नीचे जलस्तर जाने की संभावना है.दिल्ली बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार, रविवार सुबह आठ बजे यमुना का जलस्तर 206.02 मीटर दर्ज किया गया, जो कल सुबह 207.58 मीटर था. प्रशासन की तरफ से बताया गया है कि कश्मीरी गेट से मजनू का टीला तक की सड़कों सहित दिल्ली के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति में आज सुधार हुआ है क्योंकि जल स्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, अगले कुछ घंटों में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आने की संभावना है.
दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर से आई बाढ़ के कारण बंद किया गया यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन अब यात्रियों के लिए खोल दिया गया है. यमुना के जलस्तर में कमी के बाद जलभराव की स्थिति सुधरने के बाद मेट्रो स्टेशन को खोलने का फैसला किया गया है. दिल्ली मेट्रो ने ट्वीट कर कहा कि यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास द्वार अब यात्रियों के लिए खुल चुका है. 13 जुलाई को मेट्रो स्टेशन पर जलभराव की वजह से एग्जिट और एंट्री गेट बंद कर दिया गया था.
यमुना नदी के जलस्तर में कमी आने के बाद उत्तरी दिल्ली के लोग अपनी दुकानों और घरों की तरफ लौटने लगे हैं. ये लोग बाढ़ आने के कारण अपने घरों और दुकानों को छोड़कर सुरक्षित स्थान पर चले गए थे. कुछ लोग कश्मीरी गेट के पास मॉनेस्ट्री बाजार में अपनी दुकानों का जायजा लेने के लिए लौटे, जहां पिछले हफ्ते भारी बारिश के बाद बाढ़ आ गई थी और निवासियों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी थी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.