आज 9 दिसंबर का मौसम- दिल्ली NCR में दमघोंटू हवा, UP में शीतलहर का प्रकोप तेज, इन राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश

यूपी में कड़ाके की ठंड, दिल्ली में जहरीली हवा और दक्षिण भारत में बारिश ने देश के कई हिस्सों में मौसम ने परेशानी बढ़ा दी है, पढ़िए आज कैसा है देश के मौसम का हाल.

Published date india.com Updated: December 9, 2025 7:16 AM IST
पढ़िए आज का देश का मौसम
पढ़िए आज का देश का मौसम

दिसंबर की शुरुआत मौसम के अलग-अलग रंग लेकर आई है. उत्तर भारत में ठंड ने दस्तक दे दी है. यूपी के कई जिलों में शीतलहर का असर बढ़ा, वहीं दिल्ली-एनसीआर स्मॉग की चपेट में है और हवा दमघोंटू हो गई है. दूसरी ओर दक्षिण भारत में तमिलनाडु व पुडुचेरी में बारिश ने मौसम बदला है.

उत्तर प्रदेश के जिलो में शीतलहर का प्रकोप तेज

दिसंबर महीने की शुरुआत में सर्द हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है. उत्तर प्रदेश के कई जिले शीतलहर की चपेट में आए, तापमान में गिरावट देखी गई. पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में सर्दी का सितम दिखने लगा है. लोग गर्म कपड़ों और आग के जरिए ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं. ठंड की लहर प्रयागराज में भी दस्तक दे चुकी है. पहाड़ों से चली शीतलहर के कारण यहां ठंड बढ़ गई है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश संभाग में मौसम शुष्क रहने और सुबह के समय कहीं-कहीं कम से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है. मौसम विभाग ने अगले तीन दिन इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान लगाया है. पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के दोनों मौसम संभागों में मौसम शुष्क रहा. उत्तर प्रदेश के दोनों मौसम संभागों में कहीं-कहीं हल्का कोहरा देखा गया. प्राप्त आंकड़ों में प्रदेश में न्यूनतम दृश्यता 600 मीटर कई जगहों पर दर्ज की गई.

दिल्ली–एनसीआर में दमघोंटू हवा

दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता लगातार खतरे के निशान से ऊपर बनी हुई है. दिसंबर की पहली तारीख से लेकर अब तक हवा की गुणवत्ता अति गंभीर श्रेणी में दर्ज की जा रही है. राजधानी दिल्ली के ज्यादातर मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एक्यूआई 320 से 370 के बीच रिकॉर्ड हुआ है, वहीं नोएडा और गाजियाबाद के कई क्षेत्रों में भी हालात बेहद खराब बने हुए हैं. जहरीली हवा के कारण अस्पतालों में सांस से जुड़ी बीमारियों, दमा, एलर्जी और आंखों में जलन की शिकायतों वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. दिल्ली की स्थिति लगभग हर जगह ‘लाल’ दिखाई दे रही है.

तमिलनाडु और पुडुचेरी में गरज-चमक के साथ बारिश

तमिलनाडु के कई जिलों में बारिश से मौसम ठंडा बना हुआ है. तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश का अनुमान लगाया गया है. चेन्नई के प्रादेशिक मौसम केंद्र ने कहा कि तमिलनाडु के अंदरूनी जिलों, जिनमें कावेरी डेल्टा के कुछ हिस्से, पश्चिमी क्षेत्र और दक्षिणी जिले शामिल हैं, यहां पर रुक-रुक कर बारिश और कभी-कभी बिजली गिरने की संभावना है. पुडुचेरी और उसके आसपास के तटीय इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बादलों और बारिश की वजह से ज्यादातर जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रह सकता है.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.