मुख्यमंत्रियों के साथ पांचवीं बार मीटिंग करेंगे पीएम मोदी, आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने पर होगा जोर: आज से बुक होंगे ट्रेन टिकट

केंद्र ने चरणबद्ध तरीके से लॉकडाउन हटाने के लिये पाबंदियों में और छूट देने के नफा-नुकसान पर विचार किया है.

Published date india.com Published: May 11, 2020 12:02 AM IST
PMModi
PM Modi

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना वायरस के प्रकोप को रोकने के लिए देश भर में लागू लॉकडाउन से बाहर निकलने के अगले चरण पर आज सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ एक वीडियो कांफ्रेंस के जरिये बातचीत करेंगे, जिसमें अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने एवं कोविड-19 के और अधिक ‘रेड जोन’ को ‘ऑरेंज जोन’ या ‘ग्रीन जोन’ में लाने की सभी कोशिशें बढ़ाने पर जोर दिये जाने की उम्मीद है. राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों द्वारा आर्थिक गतिविधियों को सही तरीके से पटरी पर लाने पर जोर दिये जाने की उम्मीद है. वहीं, केंद्र ने चरणबद्ध तरीके से लॉकडाउन हटाने के लिये पाबंदियों में और छूट देने के नफा-नुकसान पर विचार किया है.

पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ पांचवीं मीटिंग
उल्लेखनीय है कि देश में 25 मार्च से लागू लॉकडाउन की दो बार बढ़ाई गई अवधि 17 मई को खत्म होगी, जो इसका 54 वां दिन होगा. सूत्रों ने कहा कि अब तक लागू प्रतिबंधों को एक ही बार में हटाये जाने की संभावना नहीं है. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने रविवार को कहा कि वीडियो कांफ्रेंस सोमवार यानी आज दोपहर तीन बजे होगा. देश में कोरोना वायरस का प्रकोप शुरू होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ यह पांचवीं बैठक होगी. सूत्रों ने कहा कि बैठक में भाग लेने वाले सभी मुख्यमंत्रियों को बातचीत के दौरान अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा.

10 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों से अच्छी खबर
इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री हर्षवर्धन ने रविवार को कहा कि पिछले 24 घंटे में 10 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना वायरस संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है और इस रोग से उबरने की दर 30 फीसदी से अधिक बढ़ गई है. उन्होंने कहा कि भारत इस महामारी के खिलाफ लड़ाई में सफलता की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है.

कल से चलेंगी यात्री ट्रेनें, आज से बुक करा सकेंगे टिकट
भारतीय रेल ने रविवार को कहा कि उसकी योजना 12 मई से चरणबद्ध तरीके से यात्री ट्रेन सेवाएं शुरू करने की है, और शुरुआत में चुनिंदा मार्गों पर 15 जोड़ी ट्रेनें (अप-एंड-डाउन मिलाकर 30 ट्रेनें) चलायी जाएंगी. राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के कारण 25 मार्च से ही सभी यात्री ट्रेन सेवाएं बंद हैं. साथ ही रेलवे ने कहा कि इन ट्रेनों में सीटें आरक्षित कराने वाले यात्रियों को प्रस्थान के समय से कम से कम एक घंटा पहले रेलवे स्टेशन पहुंचना होगा. भारतीय रेल ने कहा कि शुरुआत में सभी 15 राजधानी ट्रेनों के मार्गों पर वातानुकुलित सेवाएं शुरु होंगी और उनका किराया सुपर-फास्ट ट्रेनों के समान होगा. इन ट्रेनों में आरक्षण के लिए बुकिंग 11 मई यानी आज शाम चार बजे से शुरू होगी. बुकिंग सिर्फ आईआरसीटीसी की वेबसाइट के जरिए की जा सकेगी.

ठीक होने वालों की संख्या बढ़ी
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 1,511 मरीज स्वस्थ हुए हैं. यह एक दिन में संक्रमण मुक्त होने वाले मरीजों की अब तक की सबसे अधिक संख्या है. सरकार में मौजूद सूत्रों ने बताया कि बैठक में आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने और कोविड-19 के ‘रेड जोन’ को ‘ऑरेंज जोन’ या ‘ग्रीन जोन’ में तब्दील करने की कोशिशें बढ़ाने पर बल दिया जाएगा. प्रधानमंत्री द्वारा मुख्यमंत्रियों के साथ पिछली बार 27 अप्रैल को बातचीत किये जाने के बाद से कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की संख्या दोगुनी से अधिक हो गई है, जो लगभग 28,000 के आंकड़े से बढ़ कर करीब 63,000 पहुंच गई है.

(इनपुट भाषा)

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.