Twisha Sharma Death Case: भोपाल में हुई ट्विशा शर्मा की मौत ने पूरे मामले को बेहद संवेदनशील और चर्चित बना दिया है. नोएडा की रहने वाली 31 साल की ट्विशा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी. दोनों की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. शादी के कुछ महीनों बाद ही ट्विशा की संदिग्ध हालात में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस के मुताबिक, 12 मई की रात ट्विशा अपने ससुराल के घर में फंदे से लटकी मिली थीं. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. उस समय ट्विशा करीब दो महीने की गर्भवती भी थी. घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला. मामले ने तब बड़ा मोड़ लिया जब ट्विशा के परिवार ने पति और सास पर दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और शारीरिक हिंसा के आरोप लगाए.
परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही ट्विशा लगातार तनाव में रहने लगी थीं और कई बार उन्होंने घर लौटने की इच्छा जताई थी. इस केस में सामने आए व्हाट्सएप चैट्स ने जांच को और गंभीर बना दिया है. अपनी मां को भेजे मैसेज में ट्विशा ने लिखा था कि उनका ‘दम घुट रहा है’ और वह बेहद परेशान हैं. कुछ चैट्स में उन्होंने पति पर शक करने और अपमानजनक व्यवहार करने के आरोप भी लगाए थे.
ट्विशा की एक आखिरी इंस्टाग्राम चैट भी चर्चा में है, जिसमें उन्होंने अपनी दोस्त से कहा था कि वह ‘फंस गई हैं’ और सही समय आने पर बात करेंगी, लेकिन वह कॉल कभी नहीं आ सकी. अगले दिन उनकी मौत की खबर सामने आई. परिवार ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर मामले को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है. ट्विशा की सास, जो रिटायर्ड जज हैं, को अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि पति की अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो गई. पुलिस ने पति की गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया है.
भोपाल पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है. पुलिस दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा और सबूत मिटाने जैसे पहलुओं की जांच कर रही है. ट्विशा के परिवार ने दूसरी पोस्टमार्टम जांच और कोर्ट की निगरानी में जांच कराने की मांग भी की है. वहीं, ससुराल पक्ष ने सभी आरोपों को गलत बताया है. कोर्ट में दाखिल याचिका में दावा किया गया कि ट्विशा मानसिक तनाव और नशे से जुड़ी समस्याओं से जूझ रही थीं. हालांकि, ट्विशा के परिवार ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया है.
इस मामले ने सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक बहस छेड़ दी है. लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर शादी के कुछ महीनों बाद ऐसी क्या स्थिति बनी कि एक महिला की जिंदगी खत्म हो गई. अब सभी की नजर पुलिस जांच और आने वाली कानूनी कार्रवाई पर टिकी है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.