LPG की टेंशन खत्म! होर्मुज पार कर भारत आ रहे दो और जहाज, कितनी गैस ला रहे, कब पहुंचेंगे देश? जानिए सबकुछ
एलपीजी से लदे दो जहाज BW TYR और BW ELM कुल मिलाकर लगभग 94,000 टन LPG लेकर आ रहे हैं. पेट्रोलियम मंत्रालय ने ये जानकारी दी है.
LPG Gas Shortage: भारत को एलपीजी संकट से फौरी तौर पर राहत मिलने वाली है. दो LPG कैरियर जहाज, जिन पर भारत का झंडा लगा है, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ से सुरक्षित बाहर निकल गए हैं. दोनों जहाज आने वाले एक-दो दिन में भारत पहुंच जाएंगे. पेट्रोलियम मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि LPG कैरियर BW TYR और BW ELM रास्ते में हैं.
कितनी गैस ला रहे, कब पहुंचेंगे देश?
एलपीजी से लदे दो जहाज BW TYR और BW ELM कुल मिलाकर लगभग 94,000 टन LPG लेकर आ रहे हैं. BW TYR के 31 मार्च को मुंबई पहुंचने की संभावना है. दूसरा जहाज BW ELM 1 अप्रैल को न्यू मैंगलोर बंदरगाह पहुंचेगा. ट्रैकिंग के डेटा के अनुसार, ऐसे चार टैंकर पहले ही होर्मुज पार कर चुके हैं. तीन अन्य जहाज अभी भी फारस की खाड़ी में हैं.
कौन से जहाज पहुंच चुके हैं भारत?
इन दिनों LPG से भरे जहाजों का होर्मुज स्ट्रेट पार कर के भारत पहुंचना एक बड़ी खबर है. ईरान के साथ चल रहे US-इजरायल संघर्ष से पैदा हुई रुकावटों ने समुद्री जहाजों की राह मुश्किल कर दी है. इस संकरे समुद्री रास्ते से केवल वही जहाज निकल रहे हैं जिन्हें ईरान अनुमति दे रहा है. अच्छी खबर ये है कि ईरान ने भारत आ रहे जहाजों को होर्मुज पार करने से नहीं रोका है.
हाल के दिनों में, भारत का झंडा लगे चार और LPG टैंकर भी सुरक्षित पहुंचे हैं. 92,600 टन से ज्यादा LPG लेकर पाइन गैस और जग वसंत, 26 मार्च से 28 मार्च के बीच भारत के बंदरगाहों पर पहुंचे. इससे पहले, लगभग 92,700 टन LPG ले कर MT शिवालिक और MT नंदा देवी भी क्रमशः 16 और 17 मार्च को मुंद्रा और कांडला बंदरगाहों पर पहुंचे थे.
देश में गैस संकट कितना गहरा
ईरान युद्ध के कारण बाहर से आने वाली गैस की आपूर्ति में रुकावट जरूर आई है लेकिन, देश में इसे लेकर पैनिक की स्थिति नहीं है. सरकार लोगों से पीएनजी पर शिफ्ट होने की अपील भी कर रही है. पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय के अनुसार, संकट उत्पन्न होने के बाद से अब तक करीब 6,000 पीएनजी ग्राहकों ने एलपीजी कनेक्शन को छोड़ दिया है. एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए कई राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में छापेमारी भी जारी है.
होर्मुज पर क्या अपडेट है?
ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल के युद्ध के कारण होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह नहीं खुला है. हालांकि इस रास्ते से भारत,पाकिस्तान और चीन जैसे देशों के गिने-चुने जहाज पास हो रहे हैं लेकिन, मिडिल ईस्ट का तेल बाकी दुनिया में नहीं जा पा रहा है. इस रुकावट के कारण तमाम देशों को घटते तेल स्टॉक का असर महसूस होने लगा है. सप्लाई में रुकावट की वजह से एशिया के देश दबाव में हैं. अमेरिकी वित्तीय संस्था जेपी मॉर्गन के अनुसार, जल्द ही इसका गंभीर असर अमेरिका और यूरोप में भी दिखने लगेगा.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप होर्मुज स्ट्रेट को किसी भी हाल में व्यापारिक जहाजों का लिए खोलेने की प्रतिबद्धता जाहिर कर रहे हैं. इसके लिए अमेरिका जमीन पर सैन्य कार्रवाई भी कर सकता है. दूसरी तरफ, ईरान इस समुद्री रास्ते को ब्लॉक कर के पूरी दुनिया पर युद्ध का असर पैदा करने की रणनीति पर काम कर रहा है. फिलहाल, हालात चिंताजनक हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें