
Gargi Santosh
गार्गी संतोष, जी मीडिया के India.com में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वह हाइपरलोकल, नेशनल और वर्ल्ड सेक्शन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. गार्गी को लाइफस्टाइल, हेल्थ, टेक्नोलॉजी, और ... और पढ़ें
सीएम योगी ने खेल और खिलाड़ियों को लेकर यूपी में एक बड़ी योजना बनाई है. उन्होंने ऐलान किया कि राज्य की हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान, हर ब्लॉक पर मिनी स्टेडियम, हर जिले में बड़ा स्टेडियम और हर मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज बनाया जाएगा. सीएम योगी ने कहा कि खेल सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं के सर्वांगीण विकास का माध्यम है. गांव से लेकर शहर तक जब बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी, तभी प्रतिभाएं आगे आएंगी और प्रदेश देश को बेहतरीन खिलाड़ी देगा.
गोरखपुर में आयोजित विधायक खेल स्पर्धा-2025 के पुरस्कार वितरण समारोह में सीएम योगी ने बताया कि सरकार लगातार स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत कर रही है. गोरखपुर के बेलीपार क्षेत्र में एक इंटरनेशनल स्टेडियम बनने जा रहा है, जबकि रीजनल स्टेडियम का 63 करोड़ रुपये से नवीनीकरण हो रहा है. वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में भी आधुनिक सुविधाओं वाला स्टेडियम तैयार किया जा रहा है. वहीं मेरठ में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर बनी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का सत्र शुरू हो चुका है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस हो रही है.
सीएम योगी ने खेलों को जनआंदोलन बनाने के लिए एक नई पहल की बात कही. उन्होंने कहा कि गोरखपुर महानगर की संस्थाओं के साथ बैठक कर उनसे आग्रह किया जाएगा कि वे एक-एक खेल को गोद लें. कुछ सहयोग संस्थाएं करेंगी और कुछ सरकार करेगी. इन केंद्रों पर अच्छे कोच तैनात किए जाएंगे, जिससे बच्चों और युवाओं को सही मार्गदर्शन मिल सके. मुख्यमंत्री का मानना है कि जब समाज और सरकार मिलकर काम करेंगे, तभी खिलाड़ियों को मजबूत मंच मिलेगा.
मुख्यमंत्री ने बताया कि विधायक खेल स्पर्धा का दायरा आगे और बढ़ाया जाएगा. अगली बार बच्चों और छात्रों के साथ-साथ कामकाजी और रिटायर्ड लोगों के लिए भी वार्ड स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी. पहले वार्ड, फिर उपनगरीय और उसके बाद नगर स्तर पर बड़े आयोजन किए जाएंगे. बच्चों की प्रतियोगिताएं बालक-बालिका वर्ग में बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा स्तर पर होंगी. साथ ही कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए जनवरी के पहले सप्ताह में गायन, नृत्य, नाट्य जैसी प्रतियोगिताएं होंगी, जिनके विजेताओं को गोरखपुर महोत्सव में सम्मानित किया जाएगा.
सीएम योगी ने कहा कि स्वस्थ शरीर से ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र बनता है. खेलकूद और योग से शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास होता है. उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने खेलों में बड़ी छलांग लगाई है और आज दुनिया भारत की ओर उम्मीद से देख रही है. भीषण ठंड में भी हजारों खिलाड़ियों की भागीदारी को मुख्यमंत्री ने सराहा. इस अवसर पर मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने भी कहा कि योगी सरकार बिना भेदभाव खिलाड़ियों को अवसर दे रही है और आने वाले समय में यूपी से सबसे ज्यादा पदक विजेता निकलेंगे.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.