Up Yogi Government Distributing Free Lpg Cylinder Under Pradhan Mantri Ujjwala Yojana
योगी सरकार दे रही है महिलाओं को मुफ्त गैस सिलेंडर… लेकिन कर दी ये गलती तो नहीं मिलेगा फायदा
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार दिवाली से पहले 1.85 करोड़ महिलाओं को मुफ्त LPG सिलेंडर देगी. जानिए इस योजना का कैसे फायदा उठा सकते हैं और क्या काम नहीं करने से आप चूक सकते हैं.
यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने दिवाली से पहले महिलाओं को बड़ी राहत दी है. जानकारी के अनुसार, राज्य की 1.85 करोड़ महिलाओं को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (Pradhan Mantri Ujjwala Yojana) के तहत मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिया जाएगा. सरकार ने इसके लिए करीब 1385.34 करोड़ रुपये का बजट भी पास कर दिया है. दरअसल, सिलेंडर की बढ़ती कीमतों से आम आदमी की चिंता बढ़ गई थी. ऐसे में मुफ्त सिलेंडर बांटने का यह तोहफा उनके चेहरे पर मुस्कान लाने वाला साबित होगा.
उज्ज्वला योजना में रजिस्टर्ड होना जरूरी
हालांकि, सरकार ने साफ किया है कि यह सुविधा हर किसी को नहीं मिलेगी. केवल वही महिलाएं इस योजना का लाभ उठा पाएंगी, जो प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में रजिस्टर्ड हैं. यानी जिनका नाम बीपीएल परिवार की सूची में दर्ज है और उज्ज्वला योजना के तहत उन्हें कनेक्शन मिला है, वही इस योजना के पात्र होंगी. जिन महिलाओं का नाम इस सूची में नहीं है, उन्हें दिवाली पर मुफ्त गैस सिलेंडर का फायदा नहीं मिल पाएगा.
ई-केवाईसी और आधार लिंक अनिवार्य
सरकार ने यह भी शर्त रखी है कि लाभार्थी महिलाओं की ई-केवाईसी पूरी होनी चाहिए, और उनका आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक होना चाहिए. अगर यह जरूरी काम समय पर पूरा नहीं किया गया तो मुफ्त गैस सिलेंडर का लाभ नहीं मिलेगा. सरकार ने इसके लिए 31 दिसंबर, 2025 की समय सीमा तय की है. यानी जिन महिलाओं ने आधार वेरिफिकेशन और ई-केवाईसी अभी तक नहीं कराई है, उन्हें जल्द से जल्द यह काम करना होगा.
जानें कब तक उठा पाएंगे इस योजना का लाभ?
मुफ्त सिलेंडर का लाभ पाने के लिए महिलाओं के पास कुछ जरूरी दस्तावेज होना भी अनिवार्य है. इनमें आधार कार्ड, बीपीएल राशन कार्ड या गरीबी रेखा प्रमाण पत्र, उज्ज्वला योजना से जुड़ा सक्रिय बैंक खाता, आवासीय प्रमाण पत्र जैसे राशन कार्ड, वोटर आईडी या बिजली बिल और पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं. योगी सरकार ने सिलेंडर वितरण को दो चरणों में बांटा है – पहला चरण अक्टूबर से दिसंबर 2025 तक और दूसरा चरण जनवरी से मार्च 2026 तक चलेगा. इस तरह यह योजना न सिर्फ दिवाली बल्कि आने वाले महीनों में भी लाखों महिलाओं को राहत पहुंचाएगी और रसोई का खर्च कम करेगी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.