उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. आगरा में सोमवार (18 मई) को तापमान में अचानक बड़ा उछाल देखने को मिला, जिसके बाद पूरे दिन भीषण गर्मी और हीटवेव जैसे हालात बने रहे. दोपहर होते-होते हालात इतने खराब हो गए कि लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया. मौसम विभाग ने मंगलवार (19 मई) के लिए भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है.
आगरा के जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर जिले के सभी स्कूलों में 19 मई को अवकाश घोषित कर दिया गया है. ये आदेश नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक के सभी छात्रों पर लागू होगा. इसमें सरकारी, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन और मान्यता प्राप्त सभी बोर्डों के स्कूल शामिल हैं.
प्रशासन का कहना है कि ये फैसला बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है. लगातार बढ़ते तापमान और लू की स्थिति बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है. छोटे बच्चों में डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और हीट स्ट्रोक का खतरा ज्यादा रहता है. ऐसे में स्कूलों को बंद रखने का निर्णय एहतियात के तौर पर लिया गया.
सोमवार शाम को मौसम विभाग की ओर से लोगों के मोबाइल फोन पर हीटवेव को लेकर अलर्ट संदेश भी भेजे गए. अलार्म के जरिए लोगों को सावधान रहने और दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई. शहर में बढ़ती गर्मी को देखते हुए नगर निगम ने भी सड़कों पर पानी का छिड़काव शुरू करा दिया है ताकि तापमान का असर कुछ कम किया जा सके.
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर और जिला बेसिक शिक्षाधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड ने साफ कहा है कि आदेश का सख्ती से पालन कराया जाएगा. अगर कोई स्कूल प्रशासन छुट्टी के आदेश का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य की होगी.
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है. उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे हालात और कठिन हो गए हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन की वजह से हर साल गर्मी पहले से ज्यादा खतरनाक होती जा रही है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.