साहसिक खेलों से बदलेगी उत्तराखंड की तस्वीर, गदरपुर में तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे सीएम धामी

Written By: India.com Hindi News Desk Updated by: Gargi Santosh
Updated Date:June 13, 2026 8:59 PM IST

गदरपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग-कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निरीक्षण किया. जानिए कैसे उत्तराखंड खेल और पर्यटन का नया केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर जिले में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग-कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का निरीक्षण किया. इस दौरान, उन्होंने आयोजन स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं को करीब से देखा और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के लिए तैयार की जा रही सुविधाओं, सुरक्षा इंतजाम, तकनीकी व्यवस्थाओं, आवागमन, ठहरने और अन्य जरूरी तैयारियों का जायजा लेते हुए कहा कि आयोजन की गुणवत्ता अंतर्राष्ट्रीय स्तर के अनुरूप होनी चाहिए.

Advertising
Advertising

देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों को बेहतर अनुभव

निरीक्षण के दौरान सीएम धामी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां तय समय सीमा के अंदर और निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी की जाएं. उन्होंने कहा कि इस आयोजन में देश और विदेश से खिलाड़ी, प्रशिक्षक और तकनीकी विशेषज्ञ भाग लेने आएंगे, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और प्रतिभागियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उत्तराखंड की मेहमाननवाजी और कार्य संस्कृति की अच्छी छवि सामने आए.

मुख्यमंत्री ने वाटर स्पोर्ट्स का भी अनुभव लिया

कार्यक्रम के दौरान, सीएम सिंह धामी ने स्वयं भी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का अनुभव लिया. उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की प्राकृतिक परिस्थितियां एडवेंचर स्पोर्ट्स और जल क्रीड़ा गतिविधियों के लिए बेहद अनुकूल हैं. राज्य में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने की अपार संभावनाएं हैं और सरकार लगातार खेल सुविधाओं के विस्तार तथा आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित करने की दिशा में काम कर रही है. उनका कहना था कि ऐसे आयोजन राज्य को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का काम करेंगे.

खेलों के जरिए युवाओं को मिलेगा बड़ा मंच

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाना है. इसके लिए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और बड़े मंच उपलब्ध कराए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं और उन्हें वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं. सरकार खेल प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.

पर्यटन, रोजगार और अर्थव्यवस्था को मिलेगा लाभ

सीएम धामी ने कहा कि ऐसे अंतर्राष्ट्रीय आयोजन केवल खेलों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि पर्यटन, रोजगार और स्थानीय कारोबार को भी गति देते हैं. इससे उत्तराखंड की पहचान साहसिक पर्यटन के केंद्र के रूप में और मजबूत होगी. उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन जैसी सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इस अवसर पर विधायक अरविन्द पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें