
Gaurav Barar
गौरव बरार (Gaurav Barar) एक अनुभवी पत्रकार और कंटेंट विशेषज्ञ हैं जिनके पास 10 साल से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में, इंडिया.कॉम में बतौर चीफ सब एडिटर अपनी सेवाएं ... और पढ़ें
Uttarakhand UCC Live-in Rule: उत्तराखंड में आज यानी सोमवार (27 जनवरी) से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू हो गया है. इसके साथ ही ये भारत का पहला राज्य बन गया, जहां यह कानून प्रभावी हो गया. समान नागरिक संहिता न केवल पूरे राज्य में लागू हो गई, बल्कि यह राज्य से बाहर रहने वाले उत्तराखंड के लोगों पर भी लागू होगी.
यह ऐतिहासिक विधेयक दोपहर करीब 12:30 बजे लागू किया गया. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्य दौरे से ठीक पहले यूसीसी पोर्टल का अनावरण किया. उत्तराखंड सरकार द्वारा अनुमोदित संशोधित समान नागरिक संहिता नियमों में अब व्यक्तिगत कानूनों से संबंधित विवादों को निपटाने के लिए अलग प्रक्रिया का प्रस्ताव शामिल नहीं है.
समान नागरिक संहिता एक ऐसा कानून है जो सभी नागरिकों के लिए समान कानूनी प्रावधानों की स्थापना करना चाहता है, चाहे उनका धर्म या समुदाय कुछ भी हो. यह विवाह, तलाक, उत्तराधिकार, संपत्ति के अधिकार और गोद लेने के कानूनों को मानकीकृत करेगा. इस कानून के बाद लिव-इन कपल्स को लेकर भी नए नियम बनाए गए हैं.
अब से लिव-इन रिलेशनशिप के लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा. नए कानून में अनिवार्य किया गया है कि सभी लिव-इन रिलेशनशिप को अधिकारियों के पास पंजीकृत होना चाहिए. 21 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वालों के लिए माता-पिता की सहमति आवश्यक होगी.
व्यक्ति अपने लिव-इन रिलेशनशिप को पंजीकृत करने में विफल रहते हैं या गलत जानकारी देते हैं, तो उन्हें तीन महीने तक की जेल की सजा, 25,000 रुपये का जुर्माना या दोनों का सामना करना पड़ सकता है. लिव-इन से पैदा हुए बच्चे को वैध माना जाएगा. लिव इन रिलेशन टूटने पर महिला गुजारा भत्ते की मांग कर सकेगी. बिना सूचना दिए एक महीने से ज्यादा लिव इन में रहने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना या कारावास हो सकता है.
इसके अलावा यूसीसी बेटों और बेटियों दोनों के लिए संपत्ति में समान अधिकार सुनिश्चित करता है. यूसीसी के तहत बहुविवाह पर प्रतिबंध होगा, तथा इस ऐतिहासिक कानून के तहत एकविवाह को आदर्श माना जाएगा. यूसीसी के अनुसार विवाह के लिए न्यूनतम लड़कों की उम्र 21 वर्ष और लड़कियों की उम्र 18 वर्ष निर्धारित की गई है.
विवाह दम्पति के धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार सम्पन्न होगा और विवाह का पंजीकरण अनिवार्य होगा. यूसीसी लागू होने के बाद, वैध और नाजायज बच्चों के बीच कोई अंतर नहीं होगा क्योंकि कानून का उद्देश्य संपत्ति के अधिकारों पर इस अंतर को खत्म करना है. एक बार जब यूसीसी लागू हो जाएगी तो सभी बच्चों को जैविक संतान के रूप में मान्यता दी जाएगी.
कानून यह भी सुनिश्चित करेगा कि गोद लिए गए, सरोगेसी के माध्यम से पैदा हुए या सहायक प्रजनन तकनीक के माध्यम से गर्भ धारण किए गए बच्चों को जैविक बच्चों के समान माना जाएगा. किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद, कानून उसके जीवनसाथी और बच्चों को समान संपत्ति अधिकार प्रदान करेगा. इसके अतिरिक्त, मृत व्यक्ति के माता-पिता को भी समान अधिकार दिए जाएंगे, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि उनकी देखभाल की जाए.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.