
Gaurav Barar
गौरव बरार (Gaurav Barar) एक अनुभवी पत्रकार और कंटेंट विशेषज्ञ हैं जिनके पास 10 साल से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में, इंडिया.कॉम में बतौर चीफ सब एडिटर अपनी सेवाएं ... और पढ़ें
Vaishno Devi Yatra Advisory: माता वैष्णो देवी के दर्शन की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है. श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने तीर्थयात्रियों को ऑनलाइन ठगी और फर्जीवाड़े को लेकर अलर्ट किया है. यात्रा के नाम पर बढ़ते फ्रॉड को देखते हुए बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि यात्री किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति या वेबसाइट के झांसे में न आएं.
आजकल सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर ऐसे कई भ्रामक संदेश और विज्ञापन प्रसारित किए जा रहे हैं, जो यात्रा पंजीकरण, हेलीकॉप्टर टिकट और वीआईपी दर्शन दिलाने का झूठा वादा करते हैं.
श्राइन बोर्ड ने साफ तौर पर कहा है कि संदेहास्पद भुगतान न करें. किसी भी ऐसे फोन कॉल, एसएमएस या व्हाट्सएप मैसेज का जवाब न दें जो आपसे माता वैष्णो देवी की सेवाओं के लिए पैसे की मांग करता हो. गूगल सर्च पर दिखने वाले कई नंबर और वेबसाइट फर्जी हो सकते हैं. इन पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी या बैंक विवरण साझा न करें.
श्राइन बोर्ड ने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे अपनी सभी बुकिंग केवल आधिकारिक माध्यमों से ही सुनिश्चित करें. सभी प्रकार की ऑनलाइन बुकिंग के लिए केवल एकमात्र आधिकारिक वेबसाइट https://maavaishnodevi.org का ही उपयोग करें.
यदि आपको किसी बुकिंग या भुगतान को लेकर संदेह है, तो तुरंत श्राइन बोर्ड के हेल्पडेस्क नंबर +91 9906019494 पर संपर्क कर पुष्टि करें. बोर्ड ने कहा कि याद रखें, थोड़ी सी सावधानी आपकी मेहनत की कमाई को ठगों के हाथ लगने से बचा सकती है.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्राइन बोर्ड ने भवन और अन्य पड़ावों पर स्मार्ट लॉकर की आधुनिक व्यवस्था भी शुरू की है. यह सुविधा यात्रियों को अपना कीमती सामान सुरक्षित रखने में मदद करती है. यह सुविधा भवन के कमरा नंबर 04, वेटिंग हॉल (राम मंदिर), दुर्गा भवन, पार्वती भवन, गेट नंबर 03 और अधकुंवारी में उपलब्ध है.
खास बात यह है कि श्राइन बोर्ड ने कुछ विशेष पैकेज वाले यात्रियों के लिए भवन (कमरा नंबर 04) में स्मार्ट लॉकर की सुविधा को पूरी तरह निशुल्क रखा है. वे श्रद्धालु जिनकी अटका आरती, SSVP, नव चंडी पाठ, ग्रुप अटका, कटरा-पंछी हेलीकॉप्टर या जम्मू-भवन पैकेज की बुकिंग कन्फर्म है, वे इसका मुफ्त लाभ ले सकते हैं.
मुफ्त सुविधा का लाभ लेने के लिए यात्रियों को अपनी कन्फर्म बुकिंग रसीद पर कमरा नंबर 04 स्थित रिसेप्शन काउंटर से मुहर लगवाना अनिवार्य होगा. बिना मुहर के यह रसीद मुफ्त लॉकर के लिए मान्य नहीं होगी. भक्तों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले इन नियमों को अच्छी तरह समझ लें और केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.