माता वैष्णो देवी यात्रा फिर से बहाल, भारी बारिश के कारण रोक दी गई थी श्रद्धालुओं की आवाजाही

Vaishno Devi Yatra Resumes: कटरा से वैष्णो देवी यात्रा फिर से शुरू कर दी गई है. कल रात बारिश के कारण यात्रा रोक दी गई थी. इसकी जानकारी अधिकारियों ने शनिवार को दी.

Published date india.com Published: August 20, 2022 10:05 AM IST
माता वैष्णो देवी यात्रा फिर से बहाल, भारी बारिश के कारण रोक दी गई थी श्रद्धालुओं की आवाजाही

Vaishno Devi Yatra Resumes: जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के बाद बंद की गई वैष्णो देवी यात्रा फिर से शुरू कर दी गई है. कटरा से वैष्णो देवी यात्रा के लिए श्रद्धालु का जत्था फिर से रवाना हो गया है. इसकी जानकारी अधिकारियों ने शनिवार सुबह दी. अधिकारियों ने बताया कि यात्रा के आधार शिविर कटरा के दर्शनी डोडी से सुबह करीब साढ़े छह बजे 1,500 से अधिक श्रद्धालुओं को पुराने मार्ग से यात्रा शुरू करने की अनुमति दी गई. उन्होंने बताया कि बहरहाल नए मार्ग के नाम से जाना जाने वाला हिमकोटि (बैटरी कार) मार्ग अब भी बंद है और वहां रास्ता साफ करने का काम चालू है. इसके अलावा खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर सेवाएं भी निलंबित हैं.

त्रिकुटा पहाड़ियों पर भारी बारिश के बाद शुक्रवार शाम को यात्रा अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई थी. भारी बारिश शाम करीब छह बजे शुरू होकर आधी रात तक जारी रही. जब बारिश आरंभ हुई, उस समय हजारों तीर्थयात्री तीर्थस्थल पर मौजूद थे. सोशल मीडिया पर साझा किए गए कई वीडियो में वैष्णो देवी मार्ग पर बाढ़ जैसे हालात नजर आ रहे हैं. श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशुल गर्ग ने बताया कि भारी बारिश के कारण किसी के हताहत होने या किसी प्रकार का नुकसान होने की कोई खबर नहीं मिली है.  बता दें कि जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी के प्रसिद्ध मंदिर में रोजोना लाखों लोग दर्शन करते हैं.

मध्य प्रदेश निवासी कुमार योगेश ने यात्रा के लिए पंक्ति में इंतजार करते समय कहा, ‘‘हम अपने तय कार्यक्रम के अनुसार पहुंच गए हैं और मंदिर में दर्शन करने का उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं.’’ दिल्ली निवासी रीता (45) ने कहा कि उन्होंने मंदिर में भारी बारिश के बारे में सुना था, लेकिन इसके बावजूद वह ‘माता के बुलावे’ पर यहां आईं. उन्होंने कहा, ‘‘हम जल्द ही भवन के लिए रवाना होकर उनका (वैष्णो देवी का) आशीर्वाद लेंगे.’’ बहरहाल, भारी बारिश के कारण दर्शन किए बिना आधार शिविर लौटने के कारण कुछ तीर्थयात्री निराश हैं.

हरियाणा निवासी जोगिंदर सिंह ने कहा, ‘‘हमें सुरक्षा बलों ने आधार शिविर लौटने को कहा. हम यहां ठहरे हुए हैं, ताकि यात्रा पूरी कर सकें.’’ उन्होंने कहा कि पहाड़ी से नीचे बहते पानी को देखकर तीर्थयात्री डर गए थे, लेकिन श्राइन बोर्ड प्रबंधन ने उनकी सुरक्षा के प्रबंध किए. श्राइन बोर्ड ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए शुक्रवार देर शाम कटरा पर यात्रियों को तीर्थयात्रा के लिए आगे बढ़ने से एहतियातन रोक दिया. आपदा प्रबंधन दलों और चिकित्सा इकाइयों को भी हर प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट पर रखा गया है.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.