यूपी की योगी सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है. दरअसल, राज्य के सभी स्कूलों और कॉलेजों में ‘वंदे मातरम’ गाने को अनिवार्य कर दिया गया है. सीएम योगी ने कहा यह केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता का प्रतीक है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि हर शैक्षणिक संस्थान में छात्र-छात्राएं इसे सार्वजनिक रूप से गाएं, ताकि युवा पीढ़ी राष्ट्रभक्ति और एकता की भावना से जुड़ी रहे.
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा आज हमें उन सभी कारकों की पहचान करनी होगी, जो राष्ट्रीय एकता और अखंडता को कमजोर करते हैं. उन्होंने कहा कि भारत की एकता पर कोई आंच न आए, इसके लिए हर नागरिक को सजग रहना चाहिए. योगी ने यह भी कहा कि हमें उन विचारों का मुकाबला करना होगा जो देश को तोड़ने का प्रयास करते हैं, ताकि भविष्य में भारत की एकता को चुनौती देने वाले कोई जिन्ना जैसी सोच पैदा न हो. उन्होंने इसे एक “जनजागरण अभियान” करार दिया और कहा कि वंदे मातरम के स्वर से ही एकता और देशभक्ति का संदेश घर-घर तक पहुंचेगा.
सीएम योगी के इस निर्णय से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘वंदे मातरम’ को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त की थीं. पीएम मोदी ने कहा था कि वंदे मातरम केवल एक शब्द नहीं है, बल्कि यह एक मंत्र, एक ऊर्जा और एक पवित्र संकल्प है. यह गीत हमें हमारे गौरवशाली इतिहास से जोड़ता है और हमें यह विश्वास दिलाता है कि कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है. उनके अनुसार, यह मंत्र हमें आत्मविश्वास देता है और भारत माता के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करता है. इस विचार के साथ अब उत्तर प्रदेश सरकार इस मंत्र को हर विद्यार्थी के जीवन का हिस्सा बनाना चाहती है.
मुख्यमंत्री ने यह निर्णय लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित “एकता यात्रा” के अवसर पर घोषित किया. उन्होंने कहा कि सरदार पटेल भारत की अखंडता के शिल्पी थे, जिन्होंने देश को एक सूत्र में पिरोया. इस अवसर पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई एकता दिवस की परंपरा का भी उल्लेख किया. योगी ने कहा कि वंदे मातरम के माध्यम से देश के युवाओं को सरदार पटेल की सोच और बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए. यह पहल न केवल शिक्षा जगत में, बल्कि पूरे समाज में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को नई ऊंचाई पर ले जाएगी.
(इनपुट-एजेंसी के साथ)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.