छत्तीसगढ़ में कैसे हो गया इतना बड़ा हादसा? वेदांता पावर प्लांट में ब्लास्ट से 10 की मौत, 30 से ज्यादा घायल
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में हुए जोरदार धमाके में 10 मजदूरों की मौत हो गई और 30 से ज्यादा घायल हैं. कई की हालत गंभीर है, जबकि हादसे के कारणों की जांच जारी है.
Updated Date:April 14, 2026 8:27 PM IST
By Tanuja Joshi Edited By Tanuja Joshi
Chhattisgarh Blast: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता लिमिटेड के पावर प्लांट में मंगलवार (14 अप्रैल, 2026) को हुए एक भीषण धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 10 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. इनमें से कई की हालत गंभीर है.
ये घटना दोपहर करीब 2:30 बजे उस समय हुई, जब प्लांट में काम करने वाले कर्मचारी लंच ब्रेक पर थे. अचानक हुए धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य 6 ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया. घायलों को तत्काल नजदीकी रायगढ़ जिले के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
हादसे की पीछे की वजह
शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये हादसा एक पाइपलाइन फटने की वजह से हुआ, जिसमें बेहद गर्म पानी बह रहा था. पाइपलाइन के फटते ही आसपास मौजूद मजदूर इसकी चपेट में आ गए और उन्हें गंभीर जलन की चोटें आईं. पहले इसे बॉयलर ब्लास्ट बताया जा रहा था, लेकिन अब अधिकारी असली कारण की पुष्टि के लिए जांच कर रहे हैं.
Also Read
-
छत्तीसगढ़ में कैसे हो गया इतना बड़ा हादसा? वेदांता पावर प्लांट में ब्लास्ट से 10 की मौत, 30 से ज्यादा घायल
-
नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई अब आखिरी दौर में, कौन से 4 बड़े नक्सलियों पर है सुरक्षाबलों की नजर? ये 300 हथियारबंद कैडर हैं अंतिम चुनौती
-
छत्तीसगढ़: स्कूल में 30 से ज्यादा बच्चों ने काटी कलाई, वजह जानकर लगेगा झटका
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए. रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी प्रभावित मजदूरों को बाहर निकाला गया. अब प्रशासन ने बचाव अभियान खत्म होने की पुष्टि कर दी है और जांच पर फोकस किया जा रहा है.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को तुरंत बेहतर इलाज मिले और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए. साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया है.
विपक्ष ने उठाए सवाल
इस बीच, स्थानीय राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है. कांग्रेस विधायक राम कुमार यादव ने प्लांट के बाहर प्रदर्शन करते हुए पीड़ितों के लिए उचित मुआवजे और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. कंपनी की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि ये एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, जो उनके एक बॉयलर यूनिट में हुई. कंपनी ने बताया कि प्रभावित कर्मचारी सब-कॉन्ट्रैक्टर कंपनी से जुड़े थे और फिलहाल उनकी प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है. साथ ही, प्रशासन के साथ मिलकर घटना की पूरी जांच की जा रही है.
ये हादसा एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है. ऐसे प्लांट्स में सुरक्षा मानकों का पालन कितना जरूरी है, यह घटना उसी की याद दिलाती है. अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह साफ हो सके कि आखिर इतनी बड़ी चूक कहां हुई.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
Published Date:April 14, 2026 8:24 PM IST
Updated Date:April 14, 2026 8:27 PM IST