5 दिन का सियासी थ्रिलर खत्म: आखिरी घंटे में विजय को मिला सरकार बनाने का न्योता, आज लेंगे शपथ
Vijay Tamil Nadu CM Oath: थलपति विजय ने तमिलनाडु में बहुमत जुटाने के लिए पांच दिनों तक लगातार राजनीतिक बातचीत की. आखिरकार अब उन्हें 6 दलों के समर्थन से आंकड़ा पार हुआ और राज्यपाल ने भी मंजूरी दे दी है.
Tamil Nadu New CM Oath: तमिलनाडु की राजनीति में पिछले पांच दिन किसी फिल्म से कम नहीं रहे. विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी टीवीके (Tamilaga Vettri Kazhagam) के नेता थलपति विजय (Vijay) को आखिरकार सरकार बनाने की मंजूरी मिल गई, लेकिन ये रास्ता आसान नहीं था.
बहुमत के लिए जरूरी आंकड़े जुटाने से लेकर राज्यपाल की मंजूरी तक, हर दिन नए मोड़ सामने आते रहे. कभी समर्थन पत्रों पर विवाद हुआ, कभी सहयोगी दलों ने शर्तें रखीं, तो कभी आखिरी समय तक राज्यपाल की बैठक को लेकर सस्पेंस बना रहा.
बहुमत से इतने दूर थे विजय
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में विजय की पार्टी को 108 सीटें मिलीं. बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत थी. ऐसे में उन्हें कम से कम 10 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता थी.
हालांकि तकनीकी रूप से स्थिति और मुश्किल थी क्योंकि विजय दो सीटों से जीते थे, लेकिन विधानसभा में केवल एक वोट ही डाल सकते थे. इससे प्रभावी संख्या और कम हो गई.
कांग्रेस और वाम दल आए साथ
सबसे पहले कांग्रेस ने समर्थन देने का संकेत दिया. पार्टी ने पांच विधायकों का समर्थन दिया, लेकिन साथ में शर्त भी रखी कि बीजेपी या उसके सहयोगियों को सत्ता से दूर रखा जाए.
इसके बाद CPI और CPI(M) ने भी बाहर से समर्थन देने का फैसला किया. इससे विजय का आंकड़ा 116 तक पहुंच गया, लेकिन बहुमत अभी भी दूर था.
VCK और IUML बने गेमचेंजर
असली सस्पेंस VCK और IUML को लेकर बना रहा. दोनों दल पहले से DMK गठबंधन का हिस्सा थे, इसलिए उनका समर्थन मिलना आसान नहीं माना जा रहा था.
बीच में सोशल मीडिया पर समर्थन पत्र पोस्ट और डिलीट होने जैसी घटनाओं ने सियासी हलचल और बढ़ा दी. आखिरकार शनिवार शाम दोनों दलों ने समर्थन पत्र सौंप दिए. इसके बाद गठबंधन का आंकड़ा 120 तक पहुंच गया.
राज्यपाल ने टाली फ्लाइट
शनिवार शाम तक सबसे बड़ा सवाल था कि क्या राज्यपाल समय रहते फैसला करेंगे. बताया गया कि राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर की केरल जाने की फ्लाइट तय थी, लेकिन बहुमत का दावा मजबूत होने के बाद उन्होंने यात्रा रद्द कर दी और शाम 6:30 बजे विजय के साथ बैठक तय की. ये पिछले तीन दिनों में दोनों की चौथी मुलाकात थी.
आखिरकार मिला न्योता
करीब दो घंटे चली बैठक के बाद राज्यपाल ने विजय को सरकार बनाने का निमंत्रण दे दिया. इसके साथ ही तमिलनाडु में नई राजनीतिक शुरुआत का रास्ता साफ हो गया. विजय रविवार यानी 10 मई को चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. हालांकि उन्हें 13 मई को विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें