
Farha Fatima
फ़रहा फ़ातिमा ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के मिरांडा हाउस से ग्रेजुएशन के बाद पत्रकारिता करियर की शुरुआत 2015 में LIVE India में इंटर्नशिप से की. प्रारंभिक दौर में ही उन्होंने जामिया ... और पढ़ें
हिमाचल प्रदेश में रविवार को अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से छह डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. शिमला और उसके आसपास के इलाकों में आसमान में आंशिक बादल छाये रहे और दिन के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ. विभाग ने सोमवार सुबह तक कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है. सोमवार और मंगलवार को ऊंचे पहाड़ों पर कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी, बुधवार को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी और बृहस्पतिवार को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी का अनुमान जताया है. केंद्र ने शुक्रवार को निचले इलाकों में शीतलहर का अनुमान जताया है.
दिल्ली का अधिकतम तापमान रविवार को सामान्य से 6.5 डिग्री अधिक 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राष्ट्रीय राजधानी में सुबह कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से 1.6 डिग्री अधिक है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को मध्यम कोहरा छाए रहने तथा अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है.
पंजाब और हरियाणा में रविवार को ठंड का प्रकोप जारी रहा और दोनों राज्यों में कई स्थानों पर कोहरा छाया रहा. मौसम विभाग ने बताया कि अमृतसर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
कश्मीर में न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि से निवासियों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिली. घाटी के कई हिस्सों में 24 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग ने बताया कि कश्मीर में एक सप्ताह तक बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है. मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, अगले 36 घंटों में कई स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी का पूर्वानुमान है. 22 से 23 जनवरी तक जम्मू में हल्की से मध्यम बारिश और कश्मीर के कुछ हिस्सों में बर्फबारी की संभावना है. 24 से 28 जनवरी तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है और 29 से 31 जनवरी तक फिर से बारिश होने का पूर्वानुमान है.
बेंगलुरु में सुबह-सुबह हुई बारिश ने लोगों को चौंका दिया हालांकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने न केवल राज्य की राजधानी में बल्कि दक्षिण कर्नाटक के अंदरूनी इलाकों और मलनाड क्षेत्रों में भी बारिश का पूर्वानुमान जताया है. कर्नाटक प्राकृतिक आपदा प्रबंधन केंद्र (केएसएनडीएमसी) ने भी ‘एक्स’ पर प्रदेश में बारिश की चेतावनी जारी की. केएसएनडीएमसी ने पोस्ट में कहा, “राज्य के दक्षिणी हिस्से के अंदरूनी, तटीय और पहाड़ी जिलों में छिटपुट मध्यम बारिश हुई. उत्तरी आंतरिक जिलों में शुष्क हवा चलने की संभावना है. राज्य में मध्यम से घना कोहरा रहेगा और छिटपुट बारिश होगी.” एमजी रोड, जयनगर, हेब्बल, सुल्तानपाल्या, आरटी नगर और आरआर नगर जैसे इलाकों में रविवार को हल्की बारिश हुई. आईएमडी के अनुसार, बेंगलुरू में अप्रत्याशित बारिश का कारण श्रीलंका के पूर्वी तट और बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में बने चक्रवात को माना जा रहा है. इस घटनाक्रम का कर्नाटक के कई जिलों में प्रभाव पड़ा, जिसमें बेंगलुरु भी शामिल है. बेंगलुरु में बारिश हुई और इलाकों में ठंडक रही. बेंगलुरू स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 48 घंटों के दौरान बेंगलुरू में हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया.
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी के बीच अगले हफ्ते कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार 21-22 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के उत्तर-पश्चिमी व उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.