EnglishHindi

Weather News Upadte: IMD का अलर्ट, कल रात से कहां होगी बर्फबारी, देश के किन राज्‍यों में होगी बारिश

तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई इलाकों में रविवार को भी बारिश जारी रही, 30 नवंबर से पहाड़ों पर बर्फबारी, उत्तर-पश्चिम व मध्य भारत में बारिश की संभावना

Published: November 29, 2021, 1:13 AM IST

नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 30 नवंबर की रात से पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर-पश्चिम और इससे सटे मध्य भारत में बारिश होने की संभावना है. आईएमडी ने कहा, इसने कहा कि एक-दो दिसंबर के दौरान पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की का पूर्वानुमान है. वहीं, दक्षिण अंडमान सागर पर कम दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान, ओडिशा में अलर्ट जारी किया गया है. इसके साथ ही मिलनाडु और पुडुचेरी के कई इलाकों में रविवार को भी बारिश जारी रही जिससे कई इलाके जलमग्न हो गए जबकि यहां की कई सड़कों एवं सब-वे में जलभराव हो गया. बारिश से सामान्य जन-जीवन अस्त-व्यस्त रहा.

आईएमडी ने एक बयान में कहा कि 30 नवंबर से दो दिसंबर तक गुजरात, उत्तरी महाराष्ट्र और दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और दक्षिण राजस्थान के आसपास के इलाकों में व्यापक बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. मौसम विभाग ने कहा कि एक और दो दिसंबर को गुजरात में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. वहीं, एक दिसंबर को उत्तरी कोंकण में भी भारी बारिश की संभावना है.

तमिलनाडु में लगातार बारिश से राजधानी चेन्नई के कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं. चेन्नई और 10 अन्य जिलों के स्कूलों और कॉलेजों में कल के लिए छुट्टी की घोषणा की गई है.

तमिलनाडु, पुडुचेरी में बारिश जारी
तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई इलाकों में रविवार को भी बारिश जारी रही, जिससे कई इलाके जलमग्न हो गए जबकि यहां की कई सड़कों एवं सब-वे में जलभराव हो गया। बारिश से सामान्य जन-जीवन अस्त-व्यस्त रहा. मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने तिरूवल्लुर जिले में तिरूवेरकादू जैसे कई इलाकों का दौरा किया और स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी शिकायतें सुनीं. स्टालिन ने शहर के एक स्कूल में शरण लिए हुए 300 से अधिक लोगों को कंबल सहित बाढ़ राहत सामग्री बांटी और अधिकारियों के साथ बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की. मुख्यमंत्री ने एक ट्वीट में विश्वास जताया कि भारी बारिश के बाद की स्थिति से हम निपट लेंगे.

चेन्नई, कुड्डालोर और पड़ोसी पुडुचेरी सहित उत्तरी क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हुई
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार चेन्नई, कुड्डालोर और पड़ोसी पुडुचेरी सहित उत्तरी क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हुई जबकि राज्य के अन्य हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश हुई. शाम साढ़े सात बजे तक कुड्डालोर-पुडुचेरी क्षेत्र में सात सेंटीमीटर बारिश हुई. चेन्नई में छह सेंटीमीटर (मीनाम्बकम) और एक सेंटीमीटर (नुंगाम्बकम) में बारिश हुई.
सरकार ने बयान जारी कर कहा, पिछले 24 घंटे में दो लोगों की वर्षाजनित घटनाओं में मौत हुई है.

दक्षिण अंडमान सागर पर कम दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान, ओडिशा में अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 48 घंटे में दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने और इसके चक्रवात में बदलने का अनुमान जताया है, जिसके मद्देनजर ओडिशा सरकार ने रविवार को सभी जिला कलेक्टरों को सतर्क करते हुए स्थिति पर करीबी नजर रखने का निर्देश दिया है.

ओडिशा के इन जिलों में बारिश का अनुमान
ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) पीके जेना ने जिला कलेक्टरों को लिखे पत्र में कहा कि मौसम विभाग ने 30 नवंबर के आसपास दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने और अगले 48 घंटों में इसके और अधिक जोर पकड़ने के बाद उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने का अनुमान जताया है. जेना ने यह भी कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 2 दिसंबर को सुबह 8.30 बजे से 3 दिसंबर को सुबह 8.30 बजे तक जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, कंधमाल, मल्कानगिरि, कोरापुट और रायगढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान जताया है.

ओडिशा में 2 दिसंबर से 5 दिसंबर तक बारिश होने की संभावना है
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि ओडिशा में 2 दिसंबर से 5 दिसंबर तक बारिश होने की संभावना है और दिसंबर के पहले सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता. महापात्रा ने एक स्थानीय समाचार चैनल को बताया, ‘कम दबाव के क्षेत्र के जोर पकड़ने का अनुमान है, जिसमें बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का आकार लेने की क्षमता होगी. हालांकि, हम 30 नवंबर को कम दबाव के क्षेत्र बनने के बाद ही बारिश की तीव्रता और हवा की गति सहित अधिक जानकारी दे सकते हैं.’ (इनपुट: भाषा)

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.