Bengal Election: 'मेरे जीवन में सब कुछ यहीं से शुरू हुआ', ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट से दाखिल किया नॉमिनेशन

Bengal Assembly Election: पश्चिम बंगाल में 2 चरणों में 23 और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे. चुनाव के नतीजे 4 मई को आएंगे. ममता बनर्जी का भवानीपुर में बीजेपी के शुवेंदु अधिकारी से मुकाबला है.

Published date india.com Published: April 8, 2026 3:53 PM IST
Mamata Banerjee Bhabanipur Assembly seat

West Bengal Assembly Election: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं. राज्य में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को वोटिंग होगा, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को होगी. TMC प्रमुख ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) को एक बार फिर जीत की उम्मीद है. वहीं, दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में है. इन सबके बीच बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने बुधवार (8 अप्रैल) को भवानीपुर विधानसभा सीट (Bhabanipur Assembly seat) से नामांकन दाखिल किया. नामांकन दाखिल करने के बाद बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके जीवन में सब कुछ यहीं से शुरू हुआ.

‘ममता जिंदाबाद’ के लगे नारे

‘ममता बनर्जी जिंदाबाद’ और ‘तृणमूल कांग्रेस जिंदाबाद’ के नारे लगाते समर्थकों की भीड़ के बीच बनर्जी ने अपने कालीघाट आवास से अलीपुर सर्वे बिल्डिंग तक एक रोड शो का नेतृत्व किया. अलीपुर सर्वे बिल्डिंग में उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, अपनी चिर परिचित मुस्कान के साथ वह हाथ जोड़े लगभग 800 मीटर तक चलीं और सड़क के दोनों ओर कतार में खड़े पार्टी कार्यकर्ताओं का उन्होंने अभिवादन किया. नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद बनर्जी ने पत्रकारों से कहा, ‘मेरा जन्म और पालन-पोषण यहीं भवानीपुर में हुआ है. मेरे जीवन की हर चीज की शुरुआत यहीं से हुई.’

ममता को बड़ी जीत की उम्मीद

भवानीपुर सीट (Bhabanipur Assembly seat Details) ) के अलावा हर सीट पर तृणमूल कांग्रेस के लिए समर्थन मांगते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं न केवल भवानीपुर बल्कि सभी 294 निर्वाचन क्षेत्र के लोगों से अपील करती हूं कि वे हमारे उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करें. हम बड़े जनादेश के साथ जीतेंगे.’ तृणमूल कांग्रेस ने 2021 के विधानसभा चुनाव में 213 सीटें जीती थीं. हालांकि, बनर्जी ने मतदाता सूची से नामों को हटाए जाने पर चिंता व्यक्त की और कहा कि उनकी पार्टी मतदाता सूची को ‘फ्रीज’ करने के खिलाफ फिर से अदालत का रुख करेगी.

भवानीपुर में चौथी जीत तलाश रहीं ममता

बनर्जी ने कहा, ‘मुझे बेहद दुख है कि मतदाता सूची से इतने सारे नाम हटा दिए गए हैं. मेरी समझ से परे है कि मतदाता सूचियों को क्यों रोक दिया गया है. हम इसके खिलाफ फिर से अदालत में अपील करेंगे.’भवानीपुर से तीन बार विधायक रह चुकीं बनर्जी का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी से होने वाला है. नामांकन दाखिल करने के दौरान उनके साथ मौजूद लोगों में कोलकाता के महापौर फिरहाद हाकिम की पत्नी रूबी हाकिम, वार्ड 71 के तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष बबलू सिंह और भवानीपुर एजुकेशन सोसाइटी के मिराज शाह शामिल थे. उनके साथ उनके परिवार के सदस्य भी थे.

तृणमूल कांग्रेस (Trinamool Congress) ने ममता बनर्जी के रोड शो और नामांकन दाखिल करने को भवानीपुर में बंगाल की बहुलवादी संस्कृति के संदेश के रूप में पेश किया, जो एक ऐसा निर्वाचन क्षेत्र है जहां गुजराती व्यापारी, बंगाली परिवार, पंजाबी परिवार और मुस्लिम निवासी दशकों से साथ-साथ रहते आए हैं. सत्तारूढ़ पार्टी ने भवानीपुर को ‘मिनी-इंडिया’ और पश्चिम बंगाल की समावेशी पहचान के प्रतीक के रूप में पेश करने का प्रयास किया.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

(इनपुट: PTI) 

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.