पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी एक्शन में, ममता बनर्जी के करीबी अधिकारियों का तबादला, इन नौकरशाहों को मिली ताकत

सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुब्रता गुप्ता को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया है. ये नियुक्ति सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह के कुछ ही घंटों बाद ही की गई.

Written by: Shivendra Rai
Published: May 10, 2026, 1:33 PM IST

Suvendu Adhikari Chief Minister of West Bengal: पश्चिम बंगाल में सत्ता संभालते ही नए सीएम सुवेंदु अधिकारी एक्शन में आ गए हैं. मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने के 24 घंटे के अंदर ही सुवेंदु अधिकारी कई नौकरशाहों का तबादला किया है. राज्य सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय की नौकरशाही संरचना में बदलाव करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने उन अधिकारियों की ताकत में कटौती की है जिन्हें ममता बनर्जी का करीबी माना जाता था.

केंद्रीय कार्यालय से जुड़े 16 नौकरशाहों को बदला गया

पश्चिम बंगाल में पूर्व सीएम ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले पूर्व केंद्रीय कार्यालय से जुड़े 16 नौकरशाहों को नए अधिकारियों से बदल दिया गया है. पुरानी जिम्मेदारी से मुक्त किए जिन अधिकारियों की सबसे ज्यादा चर्चा है उसमें प्रमुख नाम 2014 बैच के आईएएस शांतनु मुखोपाध्याय का है. शांतनु मुखोपाध्याय को ममता बनर्जी का करीबी माना जाता है.

सुवेंदु अधिकारी ने राज्य की कमान अपने हाथ में लेते ही तृणमूल कांग्रेस से संबद्ध पश्चिम बंगाल सरकारी कर्मचारी संघ के सर्वोपरि नेता व केंद्रीय कार्यालय में कार्यरत प्रताप नायक का तबादला दार्जिलिंग जिले के बिजनबारी स्थित पालबाजार ब्लॉक विकास कार्यालय में कर दिया है. इसके अलावा ममता बनर्जी के कार्यकाल में प्रधान सचिव के रूप में कार्यरत 46 अधिकारियों को अस्थायी रूप से राज्य कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग में तैनात किया गया है. इन अधिकारियों की अगली तैनाती का निर्णय बाद में लिया जाएगा.

आईएएस अधिकारी सुब्रता गुप्ता बने सीएम के सलाहकार

समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुब्रता गुप्ता को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया है. ये नियुक्ति सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह के कुछ ही घंटों बाद ही की गई. पश्चिम बंगाल के 2017 बैच के आईएएस अधिकारी सुब्रता बाला को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है. सुब्रता बाला इससे पहले दक्षिण 24 परगना के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट थे.

पुलिस प्रशासन में भी फेरबदल

प्रदेश में नई सरकार बनते ही पुलिस विभाग भी खुद हरकत में आ गया है. कोलकाता पुलिस के अधिकारियों ने उप-निरीक्षकों, निरीक्षकों, सहायक आयुक्तों और उपायुक्तों के पद पर कार्यरत 93 अधिकारियों का तबादला शहर पुलिस के अधिकार क्षेत्र से बाहर कर दिया है. हटाए गए अधिकारियों के बारे में माना जाता है कि ये तृणमूल से संबद्ध पुलिस कल्याण संघ में प्रभावशाली थे.

इन 93 अधिकारियों का तबादला उत्तरी बंगाल के कूच बिहार, कालिम्पोंग, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार, दक्षिण 24 परगना जिले के सुंदरबन और पश्चिम बंगाल के पश्चिमी क्षेत्र के आदिवासी बहुल जिलों, जैसे बांकुरा और पुरुलिया में किया गया है.

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.