गणतंत्र दिवस परेड देखने का है प्लान? जानिए कर्तव्य पथ पर कौन सी चीजें ले जाना मना है, घर पर ही छोड़ कर जाएं ये सामान
गणतंत्र दिवस परेड में इस वर्ष भारतीय सशस्त्र बलों की त्रि-सेवा झांकी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी. कर्तव्य पथ पर भारतीय सशस्त्र बलों की झांकी ऑपरेशन सिंदूर में सेना के पराक्रम को दिखाएगी.
Republic Day Parade 2026: हर साल 26 जनवरी को राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर भव्य परेड का आयोजन किया जाता है. इस परेड में देश की सैन्य ताकत का प्रदर्शन तो होता ही है, साथ ही सांस्कृतिक विविधता और ऐतिहासिक विरासत की झांकियां भी देखने को मिलती हैं. गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिए हर साल हजारों लोग पहुंचते हैं. अगर आप भी जाकर खुद इस रोमांच का अनुभव करना चाहते हैं तो यह जानना जरूरी है कि कौन सी चीजें ले जाना मना है.
ये सामान नहीं ले जा सकते...
दर्शक अपने साथ चाकू, कैंची, नेल क्लिपर या ब्लेड जैसी नुकीली या धारदार चीजे नहीं ले जा सकते.
सिगरेट, बीड़ी, गुटखा, तंबाकू और शराब की बोतलें भी मना हैं.
लाइटर, माचिस और दूसरी ज्वलनशील चीजों को ले जाने पर प्रतिबंध है.
बड़े बैग या बैकपैक मना हैं. परेड के दौरान खाना-पीने पर भी मनाही रहती है.
परेड एरिया में ड्रोन, प्रोफेशनल कैमरे या रिकॉर्डिंग इक्विपमेंट भी मना हैं.
अगर आपने परेड देखने के लिए टिकट ले ली है तो सलाह दी जाती है कि अपने टिकट के पीछे दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ें. सुरक्षा कारणों से हर साल नियमों में थोड़ा बदलाव होता है.
दिल्ली मेट्रो सुबह 3 बजे से चलेगी
दिल्ली में 26 जनवरी को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियां जोरों पर हैं. इस साल ज्यादा से ज्यादा लोगों को परेड दिखाने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. पहली बार, कर्तव्य पथ तक पहुंचने के लिए नई सुविधाएं शुरू की जा रही हैं. दर्शकों की सुविधा के लिए परेड वाले दिन दिल्ली मेट्रो सेवाएं आधी रात से चालू रहेंगी. इस साल गणतंत्र दिवस परेड में कर्तव्य पथ तक पहुंचना पहले से कहीं ज्यादा आसान होगा.
दिल्ली मेट्रो सेवाएं 26 जनवरी को आधी रात के बाद सुबह 3 बजे से शुरू होंगी. यह कदम यह सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है कि यात्रियों को परेड स्थल तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो. इस सुविधा से लोग अपने नज़दीकी मेट्रो स्टेशन से आसानी से यात्रा कर पाएंगे और समय पर कर्तव्य पथ पहुंच पाएंगे.
परेड में दिखेगी ऑपरेशन सिंदूर की झलक
गणतंत्र दिवस परेड में इस वर्ष भारतीय सशस्त्र बलों की त्रि-सेवा झांकी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी. कर्तव्य पथ पर भारतीय सशस्त्र बलों की झांकी ऑपरेशन सिंदूर में सेना के पराक्रम को दिखाएगी. इस झांकी में दिखाया जाएगा कि सटीक हमला, तीनों सेनाओं का तालमेल और स्वदेशी ताकत जीत का सबसे अहम आधार हैं.
परेड में दिखेगी एंटी-शिप हाइपरसोनिक मिसाइल
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन यानी डीआरडीओ भी गणतंत्र दिवस परेड तथा भारत पर्व 2026 में अपनी कई स्वदेशी रक्षा प्रणालियों का प्रदर्शन करेगा. इन प्रमुख प्रणालियों में लॉन्ग रेंज एंटी-शिप हाइपरसोनिक मिसाइल शामिल है. डीआरडीओ गणतंत्र दिवस परेड के दौरान लॉन्चर सहित लॉन्ग-रेंज एंटी-शिप हाइपरसोनिक मिसाइल का प्रदर्शन करेगा. यह अत्याधुनिक हथियार प्रणाली भारतीय नौसेना की तटीय बैटरी आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित की गई है. लॉन्ग-रेंज एंटी-शिप हाइपरसोनिक मिसाइल एक हाइपरसोनिक ग्लाइड मिसाइल है. यह मिसाइल पहली बार दुनिया के सामने आएगी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें