
Parinay Kumar
परिणय कुमार को पत्रकारिता में लगभग 14 साल का अनुभव है. वह करियर की शुरुआत से ही पॉलिटिकल और स्पोर्ट्स की खबरें लिखते रहे हैं. 2008 में बिहार के ललित ... और पढ़ें
देश को नया मुख्य सूचना आयुक्त मिल गया है. भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के पूर्व अधिकारी राज कुमार गोयल (Raj kumar Goyal) भारत के नए CIC यानी मुख्य सूचना आयुक्त बने हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को राज कुमार गोयल को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस मौके पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी मौजूद थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय समिति ने इस पद के लिए राज कुमार गोयल (Who Is Raj kumar Goyal) के नाम की सिफारिश की थी.
राजकुमार गोयल अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम-केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) काडर के 1990 बैच के (सेवानिवृत्त) IAS अधिकारी हैं. वह 31 अगस्त को विधि एवं न्याय मंत्रालय के अधीन न्याय विभाग में सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए थे. उन्होंने गृह मंत्रालय में सचिव (सीमा प्रबंधन) के रूप में भी कार्य किया है. इसके साथ-साथ वह पूर्ववर्ती जम्मू कश्मीर राज्य में महत्वपूर्ण पदों पर आसीन रहे.
#WATCH | Delhi: Former IAS officer Raj Kumar Goyal sworn in as Chief Information Commissioner (CIC) by President Droupadi Murmu. pic.twitter.com/Z5gB62VRCa
— ANI (@ANI) December 15, 2025
मुख्य सूचना आयुक्त का पद 13 सितंबर को हीरालाल सामरिया का कार्यकाल पूरा होने के बाद खाली हुआ था. प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता वाली समिति ने बुधवार को हुई बैठक के दौरान केंद्रीय सूचना आयोग में 8 सूचना आयुक्तों के नामों की भी सिफारिश की. सूचना कार्यकर्ताओं के अनुसार, नव निर्वाचित मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्तों के कार्यभार संभालने पर 9 वर्षों से अधिक के अंतराल के बाद ऐसा होगा जब आयोग पूरी क्षमता से काम करेगा. आयोग की अध्यक्षता मुख्य सूचना आयुक्त करते हैं और इसमें अधिकतम 10 सूचना आयुक्त हो सकते हैं. वर्तमान में आनंदी रामलिंगम और विनोद कुमार तिवारी सूचना आयुक्त के रूप में कार्यरत हैं.
अधिकारियों ने बताया कि रेलवे बोर्ड की पूर्व प्रमुख जया वर्मा सिन्हा, खुफिया ब्यूरो, गृह मंत्रालय और कैबिनेट सचिवालय में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के पूर्व अधिकारी स्वागत दास, तत्कालीन केंद्रीय सचिवालय सेवा (सीएसएस) अधिकारी संजीव कुमार जिंदल, पूर्व IAS अधिकारी सुरेंद्र सिंह मीणा और भारतीय वन सेवा के पूर्व अधिकारी खुशवंत सिंह सेठी की सूचना आयुक्त के रूप में नियुक्ति के लिए सिफारिश की गई है.
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पत्रकार पीआर रमेश एवं आशुतोष चतुर्वेदी तथा पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) की सदस्य (कानूनी) सुधा रानी रेलंगी को भी समिति द्वारा सूचना आयुक्तों के रूप में नियुक्ति के लिए चुना गया है. मोदी के नेतृत्व वाली समिति की बैठक में मुख्य सूचना आयुक्त और आठ सूचना आयुक्तों के नामों को मंज़ूरी दी गई. समिति में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल थे.
(इनपुट: एजेंसी से भी)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.