देश में लगातार तीसरी बार NDA की सरकार बनी है. रविवार शाम नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली. प्रधानमंत्री के अलावा उनके 71 मंत्रिमंडल सहयोगियों को भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. चुनावी नतीजों और शपथ ग्रहण के बीच एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने बताया कि लोकसभा चुनाव जीतने वाले उम्मीदवारों में से लगभग 93 फीसदी करोड़पति हैं. ADR यानी एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स चुनाव से संबंधित आंकड़ों का विश्लेषण करने वाली संस्था है.
ADR की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, चुनाव जीतने वाले तीन सबसे अमीर सांसदों में आंध्रप्रदेश की गुंटूर संसदीय सीट से TDP नेता चंद्रशेखर पेम्मासनी, तेलंगाना के चेवेला से BJP नेता के. विश्वेश्वर रेड्डी और हरियाणा के कुरुक्षेत्र से भाजपा के नवीन जिंदल शामिल हैं. चंद्रशेखर के पास 5,705 रुपये, रेड्डी के पास 4,568 करोड़ रुपये और जिंदल के पास 1,241 करोड़ रुपये की संपत्ति है. विश्लेषण के अनुसार जीत हासिल करने वाले 543 में से 504 उम्मीदवार करोड़पति हैं. साल 2009 की तुलना में इसमें काफी बढ़ोतरी हुई है, जब केवल 315 (58 प्रतिशत) उम्मीदवार करोड़पति थे.
रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा के 240 जीतने वाले उम्मीदवारों में से 227 (95%), कांग्रेस के 99 में से 92 (93%), DMK के 22 में से 21 (95%), TMC के 29 में से 27 (93%) और समाजवादी पार्टी के 37 उम्मीदवारों में से 34 (92%) प्रत्याशियों ने अपने चुनावी हलफनामे में एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है. ADR के आंकड़ों के मुताबिक, आप (3), जेडीयू (12) और TDP (16) के सभी विजयी उम्मीदवार करोड़पति हैं.
औसत संपत्ति में भी काभी भिन्नता
प्रमुख दलों के हर जीतने वाले उम्मीदवारों की औसत संपत्ति में भी काफी भिन्नता है. TDP का हर विजयी उम्मीदवार औसतन 442.26 करोड़ रुपये संपत्ति के साथ सबसे आगे है. इसके बाद BJP 50.04 करोड़ रुपये, DMK 31.22 करोड़ रुपये, कांग्रेस 22.93 करोड़ रुपये, TMC 17.98 करोड़ रुपये और SP 15.24 करोड़ रुपये का नंबर आता है.
विश्लेषण में विजयी उम्मीदवारों की वित्तीय स्थिति में असमानताओं को भी उजागर किया गया है. कुछ उम्मीदवारों के पास पर्याप्त संपत्ति है, जबकि अन्य के पास अपेक्षाकृत कम संपत्ति है. उदाहरण के लिए, पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से भाजपा के ज्योतिर्मय सिंह महतो ने मात्र 5 लाख रुपये की संपत्ति घोषित की है. इसी तरह, पश्चिम बंगाल के आरामबाग से TMC की मिताली बाग के पास सात लाख रुपए की संपत्ति है. उत्तर प्रदेश के मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की प्रिया सरोज की संपत्ति का मूल्य 11 लाख रुपये है.
इसके अलावा रिपोर्ट में सबसे ज्यादा देनदारी वाले उम्मीदवारों की भी पहचान हुई है. TDP के पेम्मासानी 1,038 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारियों के साथ इस लिस्ट में भी सबसे ऊपर हैं. तमिलनाडु के अरकोणम से द्रमुक के एस. जगतराचकन पर 649 करोड़ रुपये और आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से तेदेपा के प्रभाकर रेड्डी वेमिरेड्डी पर 197 करोड़ रुपये की देनदारियां हैं. (इनपुट: एजेंसी से भी)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.