कौन थे अग्निवेश अग्रवाल? वेदांता चेयरमैन के बेटे जिनका अमेरिका में हुआ निधन, PM मोदी ने भी जताया शोक

Agnivesh Agarwal Death: एक्स पर एक पोस्ट में वेदांता चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने बुधवार को कहा कि बेटे की मौत की खबर से वो टूट गए हैं. ये उनकी जिंदगी का सबसे दुखद दिन था.

Written by: Gaurav Barar
Updated: January 8, 2026, 1:10 PM IST

Agnivesh Agarwal News: वेदांता के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल का अमेरिका में कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया. उन्होंने 49 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा. एक्स पर एक पोस्ट में अनिल अग्रवाल ने बुधवार को कहा कि अग्निवेश की मौत उनकी जिंदगी का सबसे दुखद दिन था.

उन्होंने आगे कहा, “कोई भी शब्द उन माता-पिता के दर्द को बयान नहीं कर सकता जिन्हें अपने बच्चे को अलविदा कहना पड़ता है. बेटे को पिता से पहले नहीं जाना चाहिए. इस नुकसान ने हमें इस तरह से तोड़ दिया है कि हम अभी भी इसे समझने की कोशिश कर रहे हैं.”

पीएम मोदी ने जताया दुख

उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया. पीएम मोदी ने अनिल अग्रवाल के पोस्ट पर लिखा, “अग्निवेश अग्रवाल का असमय निधन बहुत ही चौंकाने वाला और दुखद है. इस मार्मिक श्रद्धांजलि में आपके दुख की गहराई साफ झलकती है. प्रार्थना है कि आपको और आपके परिवार को लगातार शक्ति और हिम्मत मिले, ओम शांति.”

अग्निवेश अग्रवाल कौन थे?

अनिल अग्रवाल और किरण अग्रवाल के सबसे बड़े बेटे अग्निवेश का जन्म 3 जून, 1976 को पटना में हुआ था. उन्होंने अजमेर के मशहूर मेयो कॉलेज में पढ़ाई की और फिर आगे की पढ़ाई के लिए अमेरिका चले गए. एनडीटीवी इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद अग्निवेश सीधे अपने पिता की कंपनी में शामिल नहीं हुए.

विदेश में प्रोफेशनल अनुभव किया हासिल

इसके बजाय, उन्होंने ग्लोबल बिजनेस मॉडल, फाइनेंस और कॉर्पोरेट गवर्नेंस को समझने के लिए विदेश में प्रोफेशनल अनुभव हासिल किया. इस अनुभव ने बाद में उन्हें भारत लौटने और वेदांता ग्रुप की कंपनियों में काम करने में मदद की. अनिल अग्रवाल के मुताबिक, अग्निवेश ने फुजैराह गोल्ड की स्थापना की और हिंदुस्तान जिंक के चेयरमैन बने.

अग्निवेश लाइमलाइट से रहे दूर

उन्होंने पंजाब के सबसे बड़े प्राइवेट थर्मल पावर प्लांट में से एक, तलवंडी साबो पावर लिमिटेड (TSPL) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में भी काम किया. अग्निवेश लाइमलाइट से दूर रहे, सोशल मीडिया और पब्लिक फोरम में कम ही दिखते थे. हालांकि, वेदांता ग्रुप में उन्हें एक अनुभवी और दूरदर्शी बोर्ड मेंबर के तौर पर जाना जाता था.

स्कीइंग एक्सीडेंट में लगी थी चोट

अमेरिका में स्कीइंग एक्सीडेंट में उन्हें चोट लगी थी. अनिल अग्रवाल ने बताया कि अग्निवेश न्यूयॉर्क के माउंट सिनाई हॉस्पिटल में इलाज करवा रहे थे और ठीक हो रहे थे. वेदांता ग्रुप के चेयरमैन ने आगे कहा, “हमें लगा था कि सबसे बुरा वक्त बीत गया है. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और अचानक कार्डियक अरेस्ट ने हमारे बेटे को हमसे छीन लिया.”

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.