Chief Minister of Keralam: 4 मई को चुनावी नतीजे आने के कई दिनों बाद तक भी केरलम के अगले मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सस्पेंस बरकरार है. कांग्रेस हाईकमान अगले सीएम के नाम पर मुहर नहीं लगा पा रहा है. इस बीच केरलम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सन्नी जोसेफ ने कहा है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जल्द ही केरल के अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करेंगे. केरलम की मुख्यमंत्री बनने की रेस में तीन लोग सबसे आगे हैं.
केरलम में मुख्यमंत्री पद के लिए तीन नाम सबसे आगे हैं. इनमें के.सी. वेणुगोपाल, वी.डी. सतीशन और रमेश चेन्निथला जैसे नेता शामिल हैं. KPCC अध्यक्ष सन्नी जोसेफ का कहना है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा इन तीन लोगों का इंटरव्यू लिया जा चुका है. सन्नी जोसेफ के अनुसार, कांग्रेस आलाकमान और मुख्यमंत्री पद के तीन दावेदारों के बीच बैठक हो चुकी है. इस बैठक के दौरान सभी से धैर्य रखने की अपील की गई और कहा गया कि वे किसी भी विवादित कदम से बचें.
जोसेफ ने ये भी कहा है कि मुख्यमंत्री को लेकर UDF के घटक दलों के साथ चर्चा की जाएगी या नहीं, यह फैसला कांग्रेस नेतृत्व के हाथ में है. बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ए.के. एंटनी के बीच होने वाली चर्चा अगले सीएम के चयन प्रक्रिया में निर्णायक भूमिका निभा सकती है. बता दें कि वेणुगोपाल खेमा इस बात को लेकर आश्वस्त है कि कांग्रेस नेतृत्व उनके नाम पर ही मुहर लगाएगा. दूसरी तरफ वी.डी. सतीशन और रमेश चेन्निथला के समर्थक भी आशावादी बने हुए हैं.
मुख्यमंत्री पद पर जारी सस्पेंस के बीच ऐसी खबरें भी आ रही हैं कि वी.डी. सतीशन और रमेश चेन्निथला हाई कमान द्वारा उन्हें अपने दावों को विस्तार से रखने के लिए दिए गए अवसर से संतुष्ट हैं. हालांकि दोनों ही पक्ष अपना दावा मजबूत करने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं. रमेश चेन्निथला अपने वरिष्ठता और लंबे राजनीतिक अनुभव पर भरोसा कर रहे हैं. वहीं वी.डी. सतीशन के खेमे का कहना है कि UDF के कई घटक दलों का समर्थन उन्हें प्राप्त है इसलिए उनका दावा मजबूत है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर केरलम के अगले मुख्यमंत्री को लेकर कई बैठकें हो चुकी हैं. हालांकि अभी तक इसमें कोई नतीजा नहीं निकला है. पार्टी के वरिष्ठ सूत्रों के मुताबिक, अंतिम फैसला कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर छोड़ा गया है. केरलम में मुख्यमंत्री को लेकर कांग्रेस कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहती. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) केरल प्रभारी दीपादास मुंशी का कहना है कि आधिकारिक घोषणा उचित समय पर की जाएगी. दीपादास मुंशी ने ये भी कहा है कि कांग्रेस के पास 23 मई तक का समय है. उससे पहले कभी भी ऐलान हो सकता है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.