कौन बनेगा BJP का राष्ट्रीय अध्यक्ष- देवेंद्र फडणवीस या अनुराग ठाकुर?

संगठन के सूत्रों के मुताबिक, देवेंद्र फडणवीस और अनुराग ठाकुर में से किसी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है. बीजेपी के संगठन के भीतर इन दोनों नामों को भी अध्यक्ष पद के लिए प्रबल दावेदार माना जा रहा है.

Written by: Lalit Fulara
Updated: June 12, 2024, 12:12 PM IST

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए देवेंद्र फडणवीस और अनुराग ठाकुर के नामों की भी चर्चा है. संगठन के सूत्रों के मुताबिक, देवेंद्र फडणवीस और अनुराग ठाकुर में से किसी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है. बीजेपी के संगठन के भीतर इन दोनों नामों को भी अध्यक्ष पद के लिए प्रबल दावेदार माना जा रहा है. अनुराग ठाकुर और देवेंद्र फडणवीस दोनों ही युवा हैं, और पार्टी इस बार राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर किसी युवा चेहरे को बैठा सकती है.

सूत्रों के मुताबिक, देवेंद्र फडणवीस और अनुराग ठाकुर दोनों ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के करीबी हैं. ऐसे में इन दोनों नामों को पार्टी के नये राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए तवज्जो मिल सकती है. पार्टी के विभिन्न प्रदेशों के संगठन मंत्रियों के बीच भी इन दोनों नामों को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की दौड़ में शामिल नामों में आगे माना जा रहा है.

अनुराग ठाकुर मोदी सरकार 2.0 में सूचना और प्रसारण मंत्री बनाए गए थे. उनके पास खेल मंत्रालय भी था. लेकिन मोदी 3.0 में अनुराग ठाकुर को मंत्री पद नहीं दिया गया. सूत्रों का कहना है कि उन्हें संगठन में भेजा जा सकता है और युवा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है. अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर लोकसभा सीट से लगातार पांच बार चुनाव जीते हैं. मोदी सरकार 2.0 में अनुराग ठाकुर मुखरता के साथ सरकार का पक्ष रखते थे और अक्सर कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते थे. वह भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की जिम्मेदारी संभालने वाले सबसे युवा नेता भी रहे हैं.

वहीं, देवेंद्र फडणवीस भी मोदी और अमित शाह के गुड बुक में शामिल हैं. लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में बीजेपी को लगे झटके के बाद देवेंद्र फडणवीस ने उप-मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया और सूबे में बेहतर प्रदर्शन न कर पाने की नैतिक जिम्मेदारी ली. मोदी सरकार 3.0 में नितिन गडकरी को फिर से सड़क परिवहन मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है. ऐसे में पार्टी देवेंद्र फडणवीस का कद बढ़ा सकती है. वह शरद पंवार के बाद महाराष्ट्र के दूसरे सबसे युवा मुख्यमंत्री रहे हैं. महाराष्ट्र की राजनीति में जोड़-तोड़ और वहां शिवसेना और बीजेपी के गठबंधन की सरकार बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है. गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर जेपी नड्डा का कार्यकाल 18 दिन बाद यानी 30 जून को खत्म हो रहा है. मोदी 3.0 में जेपी नड्डा को केंद्रीय मंत्री बनाया गया है और हेल्थ मिनिस्टर की जिम्मेदारी दी गई है.

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.