क्या शत्रुघ्न सिन्हा भी छोड़ देंगे 'दीदी' का साथ? जानें बागी सांसदों के गुट में शामिल होने की खबरों पर क्या बोले शॉटगन

Bengal News Today: एक दिन पहले ही TMC के 19 सांसदों ने काकोली घोष को अपना नेता और NDA को समर्थन करने के लिए लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखा था. इस लिस्ट में आसनसोल लोकसभा सीट से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा का नाम भी शामिल था.

Written by: Parinay Kumar
Published: June 11, 2026, 5:54 PM IST

Bengal News Today: तृणमूल कांग्रेस में उठापटक के बीच शत्रुघ्न सिन्हा (Shatrughan Sinha) ने साफ कर दिया है कि वह मुश्किल समय में ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) का साथ नहीं छोड़ेंगे. शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि जब वह कठिन दौर से गुजर रहे थे, तब ममता बनर्जी उनके साथ खड़ी रहीं थीं. आसनसोल लोकसभा सीट से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने न्यूज एजेंसी PTI को दिये खास इंटरव्यू में कहा कि कुछ लोग मजबूरी, डर या प्रलोभन के कारण ममताबनर्जी का साथ छोड़ सकते हैं, लेकिन उनका सैद्धांतिक रुख यह है कि वह न तो पार्टी को छोड़ेंगे और न ही उसके नेता को.सिन्हा ने कहा, ‘मैं ममता बनर्जी का साथ उनके मुश्किल समय में नहीं छोड़ूंगा. जब मैं पटना में चुनाव हारने के बाद कठिन दौर से गुजर रहा था, तब वह मेरे साथ खड़ी थीं.’

‘मुझे अभी ममता बनर्जी के साथ रहना चाहिए’

उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी एक जुझारू नेता हैं. उन्होंने हाल में राज्य में हुए विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके पास अभी भी पश्चिम बंगाल में मत हिस्सेदारी 41 प्रतिशत है. सिन्हा ने कहा, ‘मैं उन लोगों का आभारी हूं, जिन्होंने मुझे तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया, लेकिन मेरा सैद्धांतिक रुख यह है कि मुझे इस समय ममता बनर्जी के साथ खड़ा रहना चाहिए.’ मालूम हो कि विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस के विधायक दल में फूट के साथ-साथ उसके ज्यादातर सांसदों ने भी बागी तेवर अपना लिये हैं.

TMC के 19 सांसदों की लिस्ट में था शत्रुघ्न का नाम

दरअसल एक दिन पहले ही TMC के 19 सांसदों ने काकोली घोष को अपना नेता और NDA को समर्थन करने के लिए लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखा था. इस लिस्ट में आसनसोल लोकसभा सीट से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा का नाम भी शामिल था. शत्रुघ्न सिन्हा 1980 के दशक से भाजपा में सक्रिय रहे. 2019 में वह भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए. इसके बाद मार्च 2022 में कांग्रेस का दमन छोड़कर वह टीएमसी में शामिल हुए और आसनसोल लोकसभा का उपचुनाव जीता. इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने एक बार फिर भाजपा प्रत्याशी को 3 लाख से ज्यादा मतों से हराया.

शत्रुघ्न सिन्हा ने PM मोदी को दी बधाई

इससे पहले तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं दी हैं.शत्रुघ्न सिन्हा ने गुरुवार (जून, 11, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट शेयर करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

शत्रुघ्न सिन्हा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘खेल भावना के साथ, समाज और देश के हमारे मित्र और मार्गदर्शक, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं. यह शायद अब तक का सबसे लंबा कार्यकाल है. आपके उज्ज्वल भविष्य, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करता हूं. जय हिंद.’ उन्होंने अपने पोस्ट में यशवंत सिन्हा, ममता बनर्जी और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को भी टैग किया. शत्रुघ्न सिन्हा का पोस्ट काफी चर्चा में है, क्योंकि वह वर्तमान में विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस के सांसद हैं. ऐसे में राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर प्रधानमंत्री को दी गई उनकी शुभकामनाओं को सकारात्मक राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है.

(इनपुट: PTI)

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.