राज्यसभा में गुरुवार (अगस्त, 13, 2026) को ‘शुद्धिकरण’ पर जमकर हंगामा हुआ. कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने कहा कि BJP शासित उत्तराखंड में जिस जगह उन्होंने एक रैली को संबोधित किया, वहां ‘शुद्धिकरण’ कार्यक्रम हुआ. खड़गे ने कहां कि मंच का ‘शुद्धिकरण’ करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए. राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शुरू से कहती रही है कि देश में दलितों के लिए जगह नहीं है. धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की कोशिश की जा रही है. इस तरह का आयोजन सबसे पहले हिंदू धर्म के ही खिलाफ है. ऐसे कदम देश को बांटने और जातियों के बीच विवाद पैदा करने का काम करते हैं. कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल किया, ‘क्या लोकतंत्र इसी तरह चलता है? आप संविधान की रक्षा कैसे कर रहे हैं?’
उन्होंने कहा कि मंच का ‘शुद्धिकरण’ कर उनका ‘अपमान’ किया गया है. राज्यसभा में खड़गे ने कहा, ‘सर, बड़े दुख के साथ कहना पड़ता है कि मैंने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में सार्वजनिक सभा को संबोधित किया था. वहां लाखों लोग मौजूद थे. उस दौरान मैंने किसी समाज या किसी धर्म का नाम नहीं लिया, बल्कि केवल लोगों की समस्याओं के बारे में बात की. लेकिन मेरे भाषण के बाद भाजपा के लोगों ने मिलकर हवन किया और उस मंच का शुद्धीकरण करने का प्रयास किया. यही लोकतंत्र है. हमारे पास संविधान है.’
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘मैं इसको कभी राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहता. मैं कई सालों से इस सदन में हूं, लेकिन मैंने कभी ऐसा नहीं किया. मैं एक सरोकार वाला व्यक्ति हूं, मैं एक दलित हूं, लेकिन मैंने कभी किसी के सामने यह कहकर मदद या अपनी रक्षा की गुहार नहीं लगाई. मेरे अंदर लड़ने की शक्ति है और मैं लड़ता हूं, लेकिन आप मुझे अछूत समझकर, शुद्धीकरण करके मेरा अपमान करते हैं. यह बहुत दुखद है.’
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने इस घटना को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया और कहा कि BJP ऐसी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती है. नड्डा ने कहा, ‘यह बहुत दुखद घटना है, न केवल कांग्रेस के लिए बल्कि हम सभी के लिए. भाजपा ऐसी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती. हम इसकी जांच करेंगे और मैं इस घटना की निंदा करता हूं.’ नड्डा ने सदन को आश्वस्त किया कि वे इसकी तहकीकात भी करेंगे. उन्होंने कहा, मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि जो भी बात हुई है, उसकी जांच जरूर होगी. मैं इसकी भर्त्सना करता हूं और राष्ट्रीय अध्यक्ष जी भी इस मामले को गहराई से देखेंगे, लेकिन आपकी भावनाओं को जो ठेस पहुंची है, वह सच में हम सबके लिए खेद का विषय है.’
#WATCH | Delhi: On ‘purification’ in Haldwani (Uttarakhand), after his public address, Congress chief Mallikarjun Kharge says, “I said this is not right for the country; this divides the country. If people who believe in BJP’s principles do ‘purification’ in the name of religion,… pic.twitter.com/Agha5DlWSm
— ANI (@ANI) August 13, 2026
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई ‘विजय शंखनाद रैली’ के बाद वहां ‘शुद्धिकरण’ यज्ञ कराए जा रहे हैं. ‘श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास’ के अध्यक्ष गिरीश पांडे और पंडित मोहन शास्त्री के हवाले से न्यूज एजेंसी IANS ने बताया कि रैली के बाद रामलीला मैदान में शुद्धिकरण हवन किया गया. उनका आरोप है कि रैली के दौरान धार्मिक नारों और टिप्पणियों से मैदान की पवित्रता प्रभावित हुई है.

गिरीश पांडे ने कहा, ‘यह यज्ञ इस पवित्र स्थान की पवित्रता को बहाल करने के लिए किया गया था. यह यज्ञ ‘श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास’ की देखरेख में आयोजित किया जा रहा है. हिंदुओं की भावनाएं इसलिए आहत हुईं, क्योंकि मंच पर एक ऐसे व्यक्ति को जगह दी गई जो हिंदू संगठनों की तुलना सांपों से करता है और मुस्लिम समुदाय से उन्हें खत्म करने की अपील करता है.’ पंडित मोहन शास्त्री ने कहा, ‘हम रामलीला मैदान में सद्बुद्धि के लिए यज्ञ कर रहे हैं. दो-तीन दिन पहले, धर्म-विरोधी तत्वों ने हमारे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान रामचंद्र के खिलाफ बयान दिए और हिंदू धर्म व उसके विनाश के बारे में बातें कहीं.’
(इनपुट: ANI, PTI)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.