रांची राजधानी और संपर्क क्रांति के कोच 'लापता', रेलवे ने कहा- मेंटेनेंस के लिए रखे हैं

रांची रेल मंडल ने उच्च अधिकारियों को दोनों ट्रेनों के कोच लौटाने के लिए पत्र लिखा है.

Published date india.com Published: June 7, 2018 1:07 PM IST
Rajdhani Express file photo
Rajdhani Express file photo

नई दिल्ली. अद्भुत और अकल्पनीय घटनाएं रेलवे में ही हो सकती हैं. कभी यात्रियों की भारी तादाद के कारण किसी ट्रेन का जनरल डब्बा ‘धंस’ जाता है तो कभी राजधानी एक्सप्रेस जैसी वीआईपी ट्रेन के कोच ‘लापता’ हो जाते हैं. जी हां, ताजा घटना रांची राजधानी एक्सप्रेस और संपर्क क्रांत एक्सप्रेस ट्रेनों के नए कोच लापता होने की है. पिछले कुछ दिनों से नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस और इन्हीं दोनों स्थानों के बीच चलने वाली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन के नए कोच लापता हैं. जब मीडिया को इन दोनों महत्वपूर्ण ट्रेनों के कोच चोरी या लापता होने की जानकारी मिली, इसके बाद रांची रेल मंडल ने आधिकारिक रूप से कहा कि कोच चोरी या लापता नहीं हुए, बल्कि मेंटेनेंस के लिए दिल्ली में रखे गए हैं.

क्यों फैली कोच चोरी होने की अफवाह
दरअसल, रांची राजधानी एक्सप्रेस और संपर्क क्रांति ट्रेन के कुछ कोच यात्रा की दृष्टि से खराब हो गए थे. रेलवे के अनुसार इन दोनों कोच की स्थिति ऐसी नहीं थी कि इन्हें संबंधित ट्रेनों में जोड़े रखा जाए. इसलिए इन कोचों की जगह रांची राजधानी और संपर्क क्रांति में नए कोच लगाकर भेज दिए गए और पुराने कोच को मेंटेनेंस के लिए दिल्ली में रख लिया गया. रेलवे के रांची मंडल और दिल्ली स्थित कार्यालयों के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार रेलवे का नियम है कि रास्ते में या गंतव्य स्टेशन पर अगर किसी ट्रेन के कोच में खराबी आती है तो उसकी जगह दूसरा कोच लगाकर भेज दिया जाता है. कोच की मरम्मत के बाद इसे वापस भेज दिया जाता है. रांची मंडल के अधिकारियों ने कोच लापता होने या चोरी होने की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि मरम्मत के बाद ये कोच वापस रांची रेल मंडल को मिल जाएंगे.

ट्रेनों के छूटते समय पता चला था गड़बड़ी का
नई दिल्ली के रेलवे अधिकारी के अनुसार रांची रेल मंडल की दोनों ट्रेनों के कोच दिल्ली से ट्रेन के रवाना होते समय जांच के दौरान खराब पाए गए. इसलिए इन डब्बों की जगह नए कोच लगाकर ट्रेनों को रवाना कर दिया गया. ऐसे 4 खराब कोच को मरम्मत के बाद रांची रेल मंडल को लौटा दिया जाएगा. इसलिए यह कहना गलत है कि कोई कोच लापता या चोरी हो गया. इधर, रांची राजधानी और संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेनों के कोच लापता होने की खबरों के बाद रांची रेल मंडल ने रेलवे को कोच लौटाने के लिए पत्र लिखा है. हालांकि पत्र लिखे जाने के बाद भी अब तक संबंधित ट्रेनों के ये कोच रेल मंडल को नहीं मिले हैं.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Jharkhand की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.