'युवाओं को गुमराह करने की कोशिश...', छात्र आंदोलन पर बोले हेमंत सोरेन, कहा- दोषियों को कड़ी सजा देंगे
JPSC-JSSC को लेकर हो रहे छात्र आंदोलन पर हेमंत सोरेन ने कहा कि राजनीतिक दल युवाओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने युवाओं को राजनीतिक दलों से सावधान रहने की सलाह दी.
सोरेन ने कहा कि युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश बड़े स्तर पर चल रही है. (Photo from IANS)
- रांची छात्र आंदोलन पर CM हेमंत सोरेन बोले- युवा अपने हक और न्याय के लिए आवाज उठा रहे
- उन्होंने कहा राजनीतिक दल युवाओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं
- अनियमितताओं के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने का भरोसा दिया
- सोरेन बोले- हर समस्या का समाधान बातचीत से होगा, लाठी-गोली से नहीं
Jharkhand Protest: झारखंड में पिछले 16 दिनों से जारी छात्र प्रदर्शन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि युवा अपने अधिकार और न्याय के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं, यह अच्छी बात है कि वे अपने हक की मांग के लिए आगे आए हैं. सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार ने गड़बड़ियों को सामने लाने का काम किया है, जिसकी वजह से युवाओं में अपने अधिकार के लिए आवाज उठाने की हिम्मत आई. उन्होंने कहा कि युवाओं को न्याय मिलेगा और भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी.
सोरेन बोले- राजनीतिक दल युवाओं को गुमराह कर रहे
हेमंत सोरेन ने कहा कि इस मामले को राजनीतिक चश्मे से देखने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं बहुत बड़ी हैं और यही राजनीतिक दलों को युवाओं को गुमराह करने का रास्ता देती. सोरेन ने युवाओं से कहा कि उन्हें न तो उनकी सरकार के राजनीतिक संरक्षण की जरूरत है और न ही किसी दूसरे राजनीतिक दल के सहारे की. उनका हक है कि उन्हें उनका अधिकार मिले और न्याय मिले.
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि देशभर में राजनीतिक दल युवाओं को अलग-अलग तरीके से अपने प्रभाव में लेने की कोशिश कर रहे हैं. सच के साथ झूठ मिलाकर उन्हें गुमराह करने की रणनीति पर काम हो रहा है.
सच और झूठ मिलाकर युवाओं को भ्रमित करने की कोशिश
सोरेन ने कहा कि युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश बड़े स्तर पर चल रही है. इसमें पढ़े-लिखे और जानकार लोग भी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार मजबूत है, जिसे कई लोग स्वीकार नहीं कर पा रहे. ऐसे लोग कभी चेहरा छिपाकर, कभी अपना रूप बदलकर और कभी पर्दे के पीछे से गलत जानकारी फैलाकर लोगों को गुमराह करते हैं. सोरेन ने युवाओं से अपील की कि वे ऐसी कोशिशों से सावधान रहें और अपने अधिकार की लड़ाई को सही तरीके से आगे बढ़ाएं.
सोरेन बोले- लाठी-गोली नहीं, बातचीत से निकलेगा हल
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत से ही निकालता है, लाठी या गोली से नहीं. सोरेन ने कहा कि लाठी और गोली का इस्तेमाल देश की सीमाओं पर दुश्मनों से निपटने के लिए होना चाहिए. मुख्यमंत्री ने युवाओं की भावनाओं और उनकी चिंताओं को अपनी चिंता बताते हुए कहा कि वह आश्वस्त करते हैं कि पारदर्शिता के साथ न्याय किया जाएगा.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें