LPG, पेट्रोल-डीजल की नहीं होगी परेशानी! डायल करें ये नंबर और तुरंत होगा समाधान

Written By: Gargi Santosh Updated by: Gargi Santosh
Updated Date:March 31, 2026 6:25 PM IST

LPG, पेट्रोल और मिट्टी के तेल की शिकायत के लिए 1967 हेल्पलाइन जारी किया गया है. सरकार का मकसद है कि उपभोक्ताओं को इन चीजों से जुड़ी दिक्कतों के लिए भटकना न पड़े.

ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रही जंग का असर अब भारत में भी चर्चा का विषय बन गया है. आम लोगों के बीच यह डर बना हुआ है कि कहीं इसका असर LPG सिलिंडर, पेट्रोल और मिट्टी के तेल की सप्लाई पर न पड़े. हालांकि, केंद्र सरकार लगातार यह दावा कर रही है कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है. इसके बावजूद कई जगहों से लोगों को सिलिंडर मिलने में देरी और अन्य दिक्कतों की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है.

Advertising
Advertising

लोगों की परेशानी दूर करेंगे कंट्रोल रूम

इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए झारखंड सरकार ने एक अहम कदम उठाया है. राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम और कॉल सेंटर की शुरुआत की गई है, ताकि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत मदद मिल सके. सरकार का मकसद है कि उपभोक्ताओं को LPG, पेट्रोल या मिट्टी के तेल से जुड़ी दिक्कतों के लिए भटकना न पड़े और उनकी शिकायतों का जल्दी समाधान हो सके. यह पहल खासकर ऐसे समय में की गई है जब अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर लोगों में असमंजस बना हुआ है.

1967 नंबर पर दर्ज करें अपनी शिकायत

अब अगर किसी को गैस सिलिंडर की सप्लाई में देरी, पेट्रोल की उपलब्धता या किरासन तेल से जुड़ी कोई भी समस्या होती है, तो वह सीधे 1967 नंबर पर कॉल कर सकता है. यह कॉल सेंटर खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा संचालित किया जा रहा है. यहां पर दर्ज की गई हर शिकायत पर तेजी से कार्रवाई करने का दावा किया गया है. इससे लोगों को राहत मिलेगी और उन्हें अपनी समस्या के समाधान के लिए इधर-उधर नहीं जाना पड़ेगा.

सुबह 8 से रात 8 बजे तक मिलेगी सेवा

धनबाद के जिला आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार के अनुसार यह कंट्रोल रूम हर दिन सुबह 8 बजे से लेकर रात 8 बजे तक सक्रिय रहेगा. इस दौरान, घरेलू और व्यवसायिक एलपीजी सिलिंडर के साथ-साथ पेट्रोल और किरासन तेल से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज की जा सकती हैं. उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया है कि सभी शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जाएगा, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

PDS के जरिए मिलेगा मिट्टी का तेल

राज्य में किरासन तेल की आपूर्ति को लेकर भी बड़ी खबर सामने आई है. झारखंड में कुल 9,72,000 लीटर किरासन तेल का वितरण किया जाएगा, जो जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानों के माध्यम से लोगों तक पहुंचेगा. धनबाद जिले के लिए 72,000 लीटर मिट्टी के तेल आवंटित किया गया है. हालांकि, यह तेल मुफ्त में नहीं मिलेगा लेकिन इसकी सप्लाई शुरू होने से लोगों को राहत जरूर मिलेगी. उम्मीद जताई जा रही है कि अगले सप्ताह से किरासन तेल की उपलब्धता शुरू हो जाएगी, जिससे जरूरतमंद परिवारों को काफी सहारा मिलेगा.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें