Karnataka Belagavi Latest News: कर्नाटक के बेलगावी (बेलगाम) से बीते दिनों मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई थी. दरअसल, होसा वंतमुरी गांव में एक महिला को खंभे से बांधकर पीटा गया और बाद में उसे निर्वस्त्र कर घुमाया भी गया. महिला कसूर तो बस इतना सा था कि उसका बेटा एक लड़की के साथ भाग गया. अब यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है. घटना को लेकर कर्नाटक सरकार यानी कांग्रेस पार्टी भाजपा द्वारा घिरना शुरू हो गई है.
भाजपा प्रमुख जे.पी.नड्डा ने महिला के साथ मारपीट और उसे नग्न घुमाने की घटना को ”शर्मनाक” बताया. उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद से महिलाओं के खिलाफ ऐसे ”जघन्य अपराध” ”नियमित अंतराल पर” हो रहे हैं.
वहीं कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने महिला उत्पीड़न का राजनीतिकरण करने के लिए भाजपा प्रमुख नड्डा की आलोचना की. कड़े शब्दों में मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा के शासनकाल में महिलाओं के खिलाफ हिंसा की कई घटनाएं देखी गई, लेकिन कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक रूप से निशाना साधने के लिए नड्डा इसे भूल गए. दुर्भाग्य से वह बेलगावी में एक महिला के खिलाफ हिंसा की हालिया घटना का इस्तेमाल राजनीति के लिए कर रहे हैं.
समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कर्नाटक के डिप्टी सीएम शिवकुमार का कहना है कि कानून अपना काम करेगा और सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लेगा.
किसी भी आरोपी को बचाने या सुरक्षा देने का कोई सवाल ही नहीं है. कांग्रेस पूरे देश में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.
घटना को लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोशल मीडिया ‘X’ पर कहा, ‘कांग्रेस के राज में एससी और एसटी के लिए कोई ‘न्याय’ नहीं है. बेलगावी में हुई हालिया घटना उसी श्रेणी में आती है, जैसा कि हाल ही में कांग्रेस के शासनकाल के दौरान राजस्थान और छत्तीसगढ़ में दलितों के साथ बार-बार होता आया है.’ वहीं बीजेपी ने बेलगावी की घटना की जांच को लेकर पांच सदस्यीय आयोग का गठन किया है.
बता दें बेलगावी मामले की जांच के लिए पांच नेत्रियों की समिति बनाई गई है. इस समिति में श्रीमती अपराजिता सरांगी, श्रीमती सुनीता दुग्गल, श्रीमती लॉकेट चटर्जी, श्रीमती रंजीता कोली और डॉ. श्रीमती आशा लकरा को शामिल किया गया है.
वहीं घटना में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. लापरवाही के आरोप में एक पुलिस इंस्पेक्टर विजय कुमार सिंन्नूर को निलंबित भी किया है. पुलिस विभाग को जांच में पता चला कि अधिकारी मौके पर तीन घंटे देरी से पहुंचा था.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.