औरंगाबाद (बिहार). भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी को बहुमत दिलाने के लिए देशभर में सभाएं कर रहे हैं. बीते गुरुवार को शाह ने असम की सभा में विपक्षी पार्टी कांग्रेस को निशाने पर लिया था. वहीं शुक्रवार को उन्होंने बिहार के औरंगाबाद में चुनावी रैली की. इस रैली के दौरान विपक्ष को तिलमिला देने वाले अपने भाषण में अमित शाह ने राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का नाम लिया. चुनावी रैली में अमित शाह ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव किसी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए नहीं है, बल्कि भारत को महाशक्ति बनाने के लिए है. उन्होंने बिहार में लालू प्रसाद के शासनकाल को याद दिलाते हुए कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार आई तो फिर से ‘जंगलराज’ आ जाएगा.
गुजरातः प्रत्याशी चुनने में भाजपा और कांग्रेस के बीच ‘पहले आप-पहले आप’ का खेल
बिहार के औरंगाबाद में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि महागठबंधन में ना तो कोई नेता है और ना ही नीति और सिद्धांत है. उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि क्या बिना नेता और बिना नीति का गठबंधन आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दे सकता है क्या? शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार को फिर मौका मिला तो बिहार विकास करेगा और देश विकास करेगा. चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, ‘लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल में बिहार की विकास दर जहां केवल 3.9% थी, वहीं नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली NDA सरकार में यह बढ़ कर 11.3% पर पहुंच गई है. लालू यादव के समय राज्य की प्रति व्यक्ति आय में कोई बढ़ोतरी नहीं हो रही थी, वहीं NDA के कार्यकाल में यह 30% तक बढ़ी है.’
लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल में बिहार की विकास दर जहां केवल 3.9% थी, वहीं नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली NDA सरकार में यह बढ़ कर 11.3% पर पहुँच गई है।
लालू यादव के समय राज्य की प्रति व्यक्ति आय में कोई बढ़ोत्तरी नहीं हो रही थी, वहीं NDA के कार्यकाल में यह 30% तक बढ़ी है। pic.twitter.com/1VLi3buSMv
— Chowkidar Amit Shah (@AmitShah) March 29, 2019
उन्होंने कहा कि लालू के शासनकाल में जहां बिहार में अंधेरा कायम था, वहीं आज बिहार के घर-घर में बिजली पहुंच गई है. नीतीश ने बिहार को लालटेन युग से एलईडी युग तक पहुंचाया है. चारा घोटाले की जगह पोषण की सुरक्षा और गुंडाराज की जगह सुशासन कायम हुआ. शाह ने आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण देने की चर्चा करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने पिछड़े वर्ग के लोगों को भी अधिकार दिया है. भाजपा अध्यक्ष ने अपने संबोधन के दौरान बिहार में नीतीश कुमार सरकार की तारीफ की और मतदाताओं से एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने की अपील की.
उन्होंने पुलवामा में आतंकवादी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जब आतंकवादियों के हमले में देश के सैनिक शहीद हुए, तब महागठबंधन के लोग पाकिस्तान से बात करने की सलाह दे रहे थे. मगर कोई बात नहीं होगी. अगर उधर से गोली चलेगी तो इधर से गोला चलेगा. आज भारत के पराक्रम को दुनिया देख रही है.
(इनपुट – एजेंसी)
लोकसभा चुनाव से जुड़ी खबरों के लिए पढ़ते रहें India.com
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.