By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
- Hindi
- Lok Sabha Elections 2019 India
- Lalu Yadavs Daughter Campaigns For Congress Anushka Rao Captain Ajay Yadav Gurgaon Lok Sabha Seat Haryana
लोकसभा चुनावः हरियाणा के गुड़गांव में बिहार की यह 'बहू' कर रही कांग्रेस का प्रचार
लालू प्रसाद यादव की छठी बेटी अपने ससुर के लिए कर रही हैं चुनाव प्रचार.
नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव के दौरान विभिन्न दलों के प्रमुख नेता देशभर में घूम-घूमकर प्रचार कर रहे हैं. लेकिन बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू यादव का चुनाव में न होना उनकी पार्टी और जनता के एक बड़े वर्ग को खटक रहा है. हालांकि लालू यादव का परिवार चुनाव में जरूर व्यस्त है. बेटा तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव लोकसभा चुनाव के बहाने बिहार की राजनीति में अपनी जमीन मजबूत करने में जुटे हैं. वहीं, लालू यादव की सबसे बड़ी बेटी मीसा भारती पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव के खिलाफ चुनाव मैदान में दोबारा किस्मत आजमा रही हैं. लेकिन बिहार से बाहर भी लालू यादव की एक बेटी चुनाव में व्यस्त है, वह भी कांग्रेस पार्टी के लिए. जी हां, लालू प्रसाद की छठी बेटी अनुष्का राव, जो कांग्रेस नेता और हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव की बहू हैं, भी चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं.
लोकसभा चुनाव से जुड़ी खबरों के लिए पढ़ते रहें India.com
लालू यादव और राबड़ी देवी की छठी बेटी अनुष्का की शादी कैप्टन अजय यादव के बेटे चिरंजीव राव के साथ हुई है. कैप्टन अजय यादव इस लोकसभा चुनाव में हरियाणा की गुड़गांव लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं. गुड़गांव में बड़ी तादाद में बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रवासी रहते हैं. अनुष्का इन्हीं लोगों के बीच चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं. चुनाव प्रचार के लिए अनुष्का ने डोर-टू-डोर कैंपेन यानी जनसंपर्क को हथियार बनाया है. वह प्रचार के दौरान मतदाताओं को मोदी सरकार की वादाखिलाफी और कांग्रेस की न्याय योजना के बारे में बताती हैं. साथ ही प्रवासी लोगों को बेरोजगारी, कारोबार संबंधी परेशानियां आदि के बारे में भी बताना नहीं भूलती हैं.
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, अनुष्का राव गुड़गांव संसदीय क्षेत्र में रोजाना 7 से 8 गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाती हैं. यहां रहने वाली बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की एक लाख से अधिक की आबादी को अनुष्का यह बताना नहीं भूलती हैं कि बिहार उनका मायका है, जबकि हरियाणा ससुराल. अखबार के साथ बातचीत में अनुष्का ने कहा भी, ‘बिहार मेरा मायका है और गुड़गांव मेरी ससुराल.’ चुनाव प्रचार के दौरान अनुष्का मतदाताओं से हिंदी और भोजपुरी भाषा में बात करती हैं. जनसंपर्क अभियान के दौरान वह लोगों से कहती हैं, ‘यहां की बहू होने के नाते ही मैं आपसे वोट मांग रही हूं.’
अनुष्का ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा कि गुड़गांव को बनाने में बिहार और यूपी के मजदूरों का हाथ है. आज गुड़गांव जैसा दिखता है, इसमें बिहार और यूपी का भी योगदान है. उन्होंने कहा, ‘हरियाणा और बिहार के बीच मजबूत संबंध है. बिहार के लोगों ने हरियाणा की अर्थव्यवस्था और इसके शहरीकरण में अहम भूमिका निभाई है. ऐसे में प्रवासी लोगों के लिए ठोस नीति बनाने की जरूरत है.’ अनुष्का राव अपने ससुर कैप्टन अजय यादव के चुनाव प्रचार के लिए उन इलाकों का लगातार दौरा कर रही हैं, जहां प्रवासी लोगों की आबादी सबसे ज्यादा है. गुड़गांव में स्थित औद्योगिक इलाकों में काम करने वाले मजदूर हों या प्लंबर, लकड़ी के कारीगर हों या रियल एस्टेट सेक्टर के कामगार, अनुष्का राव इन लोगों के बीच जाकर उनसे कांग्रेस के लिए वोट मांगती हैं.
Also Read:
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Bihar की और अन्य ताजा-तरीन खबरें