Rajya Sabha Election: BJP प्रत्याशी महेश केवट ने भरा पर्चा, CM मोहन यादव बोले- जीत के लिए संकल्पित हैं हम

Written By: India.com Hindi News Desk Updated by: Parinay Kumar
Updated Date:June 8, 2026 7:08 PM IST

Madhya Pradesh News: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव (Mohan Yadav) ने कहा कि महेश केवट बचपन से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और BJP से जुड़े रहे हैं. पार्टी का यह निर्णय हर वर्ग के कल्याण की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.

Madhya Pradesh News: मध्यप्रदेश की राजनीति लिए 8 जून का दिन बेहद खास रहा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के तीसरे प्रत्याशी महेश केवट का नामांकन पत्र जमा कराया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस चुनाव में जीत के लिए हम संकल्पित हैं. केवट के नाम का चयन भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सभी वर्गों के कल्याण की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. नामांकन से पहले मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने पार्टी कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया.

Advertising
Advertising

महेश केवट ने दाखिल किया नामांकन

महेश केवट का नामांकन दाखिल होने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मीडियाकर्मियों से बातचीत से कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पार्लियामेंट्री बोर्ड ने राज्यसभा चुनाव में तीसरे प्रत्याशी के रूप में महेश केवट का चयन किया है. उन्होंने आज (जून, 08, 2026) नामांकन फॉर्म जमा कराया है. हम इस संकल्प के साथ चल रहे हैं कि हम तीनों राज्यसभा की सीटों पर निर्वाचित होकर रहेंगे.

सीएम डॉ. मोहन यादव (Mohan Yadav) ने कहा कि महेश केवट बचपन से ही स्वयं सेवक रहे हैं. विद्यार्थी परिषद-युवा मोर्चा में रहे हैं. उन्होंने संघ में कई उत्तरदायित्वों का निर्वहन किया है. आज भगवान राम का आशीर्वाद एक बार फिर निषाद राज की परंपरा को कायम करते हुए महेश केवट को मिल रहा है. हम सभी वर्गों की समानता के लिए सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास के मंत्र पर चलते हैं.

'जब-जब जो कहा, तब-तब वो किया'

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हमारी पार्टी केवल कहती नहीं है, करके दिखाती है. मुझे इस बात का आनंद है कि जिस वर्ग का लोकसभा-विधानसभा में कही कोई प्रतिनिधित्व नहीं था, उस वर्ग के प्रतिनिधि को सीधे उच्च सदन में अवसर मिल रहा है. यह निर्णय हमारी पार्टी की सब वर्गों के कल्याण की प्रतिबद्धता दर्शाता है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें