EnglishHindi

इंदौर में खुला देश का पहला वर्चुअल जू, CM मोहन यादव ने किया लोकार्पण; 14-D थिएटर में मिलेगा जंगल सफारी का मजा

इंदौर में देश के पहले वर्चुअल चिड़ियाघर का लोकार्पण हुआ. कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में 4.5 करोड़ रुपये से बने 14-D थिएटर और वर्चुअल जंगल सफारी का आनंद लें सकेंगे.

Published: August 16, 2026, 9:59 PM IST

मध्य प्रदेश के इंदौर में आज यानी (रविवार, 16 अगस्त) को देश के पहले वर्चुअल चिड़ियाघर का लोकार्पण किया गया. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में करीब साढ़े 4 करोड़ रुपये की लागत से PPP मॉडल पर तैयार किए गए 14-D सिनेमा थिएटर और वर्चुअल जंगल सफारी का उद्घाटन किया. इस मौके पर डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर हमेशा कुछ नया करने और विकास के नए आयाम स्थापित करने के लिए जाना जाता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह नई सुविधा शहर के लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का बड़ा केंद्र बनेगी.

14-D थिएटर में CM मोहन यादव ने भी लिया अनुभव

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने मंत्रियों, महापौर, सांसद और स्कूली बच्चों के साथ 14-D सिनेमा थिएटर में बैठकर फिल्म का आनंद लिया. थिएटर में 14-D और 360 डिग्री तकनीक के जरिए दर्शकों को सामान्य फिल्म देखने से अलग अनुभव मिलेगा. फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों फिल्मों को देखकर उन्हें अद्भुत आनंद मिला. इसके बाद डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल जंगल सफारी का भी अवलोकन किया और वहां इस्तेमाल की गई तकनीक, व्यवस्थाओं और इसकी खासियतों के बारे में जानकारी ली.

वर्चुअल जंगल सफारी में मिलेगा जंगल जैसा एहसास

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्चुअल जंगल सफारी आम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी. इसके जरिए लोग बिना वास्तविक जंगल में जाए वन्यजीवों और जंगल के वातावरण का आभासी अनुभव ले सकेंगे. खास तौर पर बच्चों के लिए यह सुविधा मनोरंजन के साथ सीखने का नया जरिया बनेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक के माध्यम से बच्चों को प्रकृति, जंगल और वन्यजीवों को समझने का अलग अनुभव मिलेगा. इस सुविधा से नगर निगम को आमदनी भी प्राप्त होगी, जिससे शहर में पर्यटन और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

फव्वारे और एक्वेरियम का भी किया अवलोकन

कार्यक्रम के दौरान, डॉ. यादव ने रिमोट दबाकर फव्वारे का शुभारंभ भी किया. इसके बाद उन्होंने एक्वेरियम में मौजूद रंग-बिरंगी मछलियों को देखा और प्राणी संग्रहालय में विकसित की गई नई सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने इन तकनीकी सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि इससे शहरवासियों, बच्चों और पर्यटकों को मनोरंजन के साथ वन्यजीवों और प्रकृति को आधुनिक तरीके से समझने का अवसर मिलेगा. इंदौर के चिड़ियाघर में शुरू हुई यह पहल तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन को एक साथ जोड़ने वाली नई सुविधा के तौर पर देखी जा रही है.

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.