MP Chunav 2023: कैलाश विजयवर्गीय के बेटे का BJP ने काटा टिकट, पूर्व PM अटल बिहारी वाजपेयी के भांजे का पत्ता भी साफ

आकाश विजयवर्गीय बीजेपी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय के बेटे हैं. आकाश अभी इंदौर-3 सीट से विधायक हैं.

Published date india.com Updated: October 21, 2023 10:28 PM IST
MP Chunav 2023: कैलाश विजयवर्गीय के बेटे का BJP ने काटा टिकट, पूर्व PM अटल बिहारी वाजपेयी के भांजे का पत्ता भी साफ

MP Chunav 2023: भाजपा (BJP) ने अगले महीने होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव (Madhya Pradesh Assembly Election 2023) के लिए 92 उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी की. इसमें इंदौर-3 सीट से मौजूदा विधायक आकाश विजयवर्गीय (Akash Vijayvargiya) को टिकट नहीं दिया गया है. आकाश पार्टी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) के बेटे हैं. कैलाश विजयवर्गीय इंदौर-1 सीट से चुनावी मैदान में हैं. भाजपा ने इंदौर-3 सीट से आकाश विजयवर्गीय की जगह राकेश गोलू शुक्ला को मैदान में उतारा है. राकेश शुक्ला इंदौर-1 से कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला के चचेरे भाई हैं. कैलाश विजयवर्गीय ने 16 अक्टूबर को कहा था कि आकाश ने भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा को पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि इस बार टिकट के लिए उनके नाम पर विचार न किया जाए क्योंकि पार्टी ने उनके पिता को मैदान में उतारा है.

अटल बिहारी वाजपेयी के भांजे को भी टिकट नहीं: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के भांजे अनूप मिश्रा को भी टिकट नहीं दिया गया है, वह ग्वालियर दक्षिण से दावेदारी कर रहे थे. इस सीट से मप्र के पूर्व मंत्री नारायण सिंह कुशवाह को उम्मीदवार बनाया गया है. मिश्रा ने विधानसभा का पिछला चुनाव ग्वालियर के भितरवार निर्वाचन क्षेत्र से लड़ा था लेकिन वह असफल रहे थे.

ये नाम भी गायब: मंत्री ओपीएस भदौरिया, यशोधरा सिंधिया और गौरीशंकर बिसेन सहित 29 विधायकों को सूची से हटा दिया गया है, जबकि 37 विधायक फिर से पार्टी की नवीनतम सूची में शामिल हो गए हैं. सिंधिया पहले ही स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर चुनाव लड़ने में अनिच्छा जता चुकी हैं.

230 में से 228 उम्मीदवारों की घोषणा: सत्तारुढ़ दल भाजपा ने अब तक गुना और विदिशा सीट को छोड़कर आगामी चुनावी के लिए 230 में से 228 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. भाजपा की नवीनतम सूची में 12 महिला उम्मीदवारों के नाम हैं. उनमें ग्वालियर पूर्व और बुरहानपुर से क्रमश: प्रदेश की पूर्व मंत्री माया सिंह और अर्चना चिटनीस शामिल हैं. मध्य प्रदेश की मंत्री उषा ठाकुर को महू सीट से फिर से टिकट दिया गया है. मध्य प्रदेश की 230 सीटों के लिए 17 नवंबर को मतदान होगा और मतों की गिनती तीन दिसंबर को होगी.

इन्हें मिले टिकट: भाजपा की पांचवी सूची में शामिल अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में प्रदेश के पूर्व मंत्री जयंत मलैया (75) और पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा के भतीजे सुरेंद्र पटवा और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक महेंद्र सिंह सिसोदिया शामिल हैं. मलैया 2018 के चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार राहुल सिंह लोधी से हार गए थे. भाजपा में शामिल होने के बाद लोधी 2020 में उपचुनाव हार गए.

सुरेंद्र पटवा को रायसेन जिले के भोजपुर से और सिसोदिया को गुना जिले के बमोरी से फिर से मैदान में उतारा गया है. बालाघाट सीट से राज्य मंत्री गौरीशंकर बिसेन की जगह उनकी बेटी मौसम बिसेन को टिकट दिया गया है. मध्य प्रदेश के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और विंध्य क्षेत्र के कद्दावर ब्राह्मण कांग्रेस नेता स्वर्गीय श्रीनिवास तिवारी के पोते सिद्धार्थ तिवारी को रीवा जिले की त्योंथर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. वह तीन दिन पहले ही कांग्रेस से अलग होकर भाजपा में शामिल हुए हैं.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.