'साथ जीने-मरने का वादा कर दिया पूरा', पति की कार्डियक अरेस्ट से मौत के बाद पत्नी ने भी दे दी जान- दर्दनाक है कहानी

Written By: Parinay Kumar Updated by: Parinay Kumar
Updated Date:June 10, 2026 5:55 PM IST

Madhya Pradesh News Today: प्रदीप और वैशाली ने साल 2021 में प्रेम विवाह किया था. दोनों के बीच बेहद गहरा रिश्ता था. परिवार का कहना है कि दोनों अक्सर एक-दूसरे के बिना जीवन की कल्पना न कर पाने की बात करते थे.

Madhya Pradesh News Today: मध्यप्रदेश के रीवा से दिल को दहला देने वाला एक दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां साथ जीने-मरने का वादा करने वाले एक पति-पत्नी की दुखद मौत से पूरे इलाके में मायूसी का माहौल है. पति की कार्डियक अरेस्ट से मौत होने के कुछ ही समय बाद पत्नी ने भी जान दे दी. रीवा के युवा कारोबारी प्रदीप सोनी की कार्डियक अरेस्ट से मौत हुई थी. प्रदीप की मौत का पता जैसे ही उसकी पत्नी वैशाली को चला उसने खुदकुशी कर ली. वैशाली उस समय उत्तराखंड में अपने मायके में थी.

Advertising
Advertising

रीवा के अनंतपुर का है मामला

Zee News की रिपोर्ट के मुताबिक, रीवा के अनंतपुर निवासी और सराफा कारोबारी परिवार से जुड़े प्रदीप रविवार (जून, 07, 2026) को अपने घर में अकेले थे. उनकी पत्नी वैशाली कुछ दिन पहले उत्तराखंड के पिथौरागढ़ स्थित अपने मायके गई हुई थी. दोपहर तक प्रदीप का मोबाइल बंद रहा, जिससे परिजनों को चिंता हुई. जब परिवार के लोग घर पहुंचे और काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो दरवाजा तोड़ा गया. अंदर का नजारा देखकर हर कोई सन्न रह गया. प्रदीप बाथरूम में मृत अवस्था में पड़े थे. शुरुआती जांच में उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट से बताई जा रही है.

मौत की खबर से सदमें में थी वैशाली

इधर, पति की मौत की खबर जैसे ही उत्तराखंड में मौजूद वैशाली खड़ायत को मिली, वह गहरे सदमे में चली गई. परिजनों के मुताबिक, सूचना मिलने के कुछ समय बाद वह बिना किसी को बताए घर से निकल गई. काफी तलाश के बाद जाजरदेवल थाना क्षेत्र के नैनीसैनी गधेरे के पास एक तालाब में उसका शव मिला. मौके से उसका मोबाइल फोन और पर्स भी बरामद हुआ. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

वैशाली-प्रदीप ने तीन साल पहले की थी लव मैरिज

परिजनों के मुताबिक, प्रदीप और वैशाली ने साल 2021 में प्रेम विवाह किया था. दोनों के बीच बेहद गहरा भावनात्मक रिश्ता था. परिवार का कहना है कि दोनों अक्सर एक-दूसरे के बिना जीवन की कल्पना न कर पाने की बात करते थे. एक बार बातचीत के दौरान वैशाली ने कहा था कि 'जब तक जिएंगे, साथ जिएंगे और साथ मरेंगे.' उस समय इसे सामान्य वैवाहिक बातचीत समझा गया था, लेकिन आज वही बात दर्दनाक हकीकत बन गई.

प्रदीप के पिता और शहर के प्रतिष्ठित सराफा कारोबारी परमानंद सोनी ने बताया कि उनकी बहू वैशाली अपने पति से बेहद प्रेम करती थी और बेटे की मौत का सदमा सहन नहीं कर सकी. उन्होंने कहा कि आत्महत्या किसी भी परिस्थिति में सही कदम नहीं है, लेकिन वैशाली अपने पति से इतना जुड़ी हुई थी कि यह दुख बर्दाश्त नहीं कर पाई.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें