एनसीपी नेता और बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी मिली है. धमकी देने वाले ने दावा किया है कि जैसे उनके पिता की हत्या की गई थी, वैसे ही अब उन्हें भी निशाना बनाया जाएगा. धमकी भरे ईमेल के जरिए जीशान से 10 करोड़ रुपये की मांग की गई है, साथ ही कहा गया है कि अगर उन्होंने पैसे नहीं दिए या पुलिस को बताया, तो अंजाम बुरा होगा. धमकी देने वाले ने ये भी कहा है कि वह हर 6 घंटे में ऐसे ईमेल भेजेगा. बताया जा रहा है कि जीशान को अब तक 3 ईमेल मिल चुके हैं, जिनमें से एक की ईमेल आईडी में बंदूक और गोलियों की तस्वीर लगी हुई है. घबराकर उन्होंने इस बारे में तुरंत मुंबई पुलिस को जानकारी दी और पुलिस अब मामले की जांच कर रही है.
बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में सामने आए बड़े नाम
वहीं बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने जो चार्जशीट मकोका कोर्ट में दाखिल की है, वह करीब 4590 पन्नों की है. इसमें कुल 26 आरोपियों के नाम हैं और तीन आरोपी अब भी फरार हैं. इस केस में अनमोल बिश्नोई, शुभम लोनकर और जिशान अख्तर जैसे नाम शामिल हैं.
चार्जशीट के अनुसार, बाबा की हत्या के लिए पैसे का इंतजाम अनमोल बिश्नोई के इशारे पर किया गया था. इस चार्जशीय में पुलिस ने 210 गवाहों के बयान भी इसमें शामिल किए हैं. ये पूरी प्लानिंग पहले से की गई थी और इसे अंजाम देने के पीछे कई वजहें बताई जा रही हैं.
हत्या की 3 बड़ी वजहें भी सामने आईं
पुलिस की जांच में ये बात भी सामने आई है कि बाबा सिद्दीकी की हत्या के पीछे 3 प्रमुख कारण हो सकते हैं. पहला कारण सलमान खान से बाबा सिद्दीकी की करीबी, दूसरा कारण अनुज थप्पन की आत्महत्या का बदला और तीसरा कारण बिश्नोई गैंग की ताकत और खौफ को बढ़ाना. जांचकर्ताओं ने शुभम लोनकर के फेसबुक पोस्ट को भी एक अहम सबूत माना है, जिसमें इन कारणों की झलक मिलती है. इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए पुलिस पूरे गैंग के नेटवर्क और उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है.
12 अक्टूबर को हुई थी बाबा सिद्दीकी की हत्या
बता दें कि बाबा सिद्दीकी की हत्या 12 अक्टूबर, 2024 की रात को मुंबई के बांद्रा इलाके में हुई थी. जब वे अपने बेटे के ऑफिस से बाहर निकले, उसी वक्त उन्हें दो गोलियां मारी गईं. गोली लगने के बाद उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. यह हत्या पूरे शहर को हिला देने वाली थी और पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए बड़े-बड़े नामों को पकड़ने का दावा किया है. अब उनके बेटे को धमकियों का मिलना मामले को और गंभीर बना रहा है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.