फोन आने पर 'हेलो' नहीं 'वंदे मातरम' बोलें, इस प्रदेश की सरकार ने कर्मचारियों को जारी किया फरमान
Maharashtra News: महाराष्ट्र में सभी सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को फोन कॉल का जवाब देने के लिए अब पारंपरिक 'हेलो' के बजाय 'वंदे मातरम' बोलना होगा.
Maharashtra News: महाराष्ट्र में सभी सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को फोन कॉल का जवाब देने के लिए अब पारंपरिक 'हेलो' के बजाय 'वंदे मातरम' बोलना होगा. सरकार ने इस नई पहल को अनिवार्य कर दिया है. यह आदेश आज से लागू है. शिवसेना (शिंदे गुट)-भाजपा गठबंधन सरकार ने शनिवार की देर रात जारी एक अधिसूचना में कहा है कि इससे लोगों में राष्ट्रीय गौरव की भावना पैदा होगी और 'हेलो' का कोई मतलब नहीं है. नया नियम विभिन्न राज्य कार्यक्रमों, सार्वजनिक संबोधन प्रणालियों पर भी लागू होगा, क्योंकि यह एक अनुकूल वातावरण उत्पन्न करेगा और सकारात्मक ऊर्जा का उत्सर्जन करेगा.
यह प्रस्ताव अगस्त के मध्य में वन मंत्री सुधीर मुनगंतीवार द्वारा लाया गया था लेकिन सरकार इसे अनदेखा करती रही. भारतीय स्वतंत्रता समारोह की चल रही 75वीं वर्षगांठ के हिस्से के रूप में सभी सरकारी कर्मचारियों, विश्वविद्यालय, कॉलेजों, स्कूलों और राज्य प्रशासन में अंतिम स्तर तक इस नियम का पालन किया जाएगा.
बता दें कि सुधीर मुनगंतीवार ने स्वतंत्रता दिवस से पहले कहा था कि हम आजादी के 76वें साल में प्रवेश कर रहे हैं. मैं चाहता हूं कि सभी अधिकारी और कर्मचारी फोन पर नमस्ते या हेलो की बजाय वंदे मातरम बोलें. मुनगंतीवार के इस बयान का मुस्लिम संगठनों ने विरोध किया था. कुछ मुस्लिम संगठनों ने कहा था कि वे अल्लाह की इबादत करते हैं. इसकी जगह कुछ और विकल्प दिया जाए.
(इनपुट-आईएएनएस)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें