मुंबई के पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह का क्यों हुआ ट्रांसफर? महाराष्ट्र सरकार ने बताई यह वजह...

महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख (Anil Deshmukh) ने गुरुवार को बताया कि परमबीर सिंह (Param Bir Singh) का ट्रांसफर आखिर क्यों किया गया है.

Published: March 18, 2021, 11:11 PM IST

Antilia Case: मुंबई पुलिस कमिश्नर पद से परमबीर सिंह (Param Bir Singh) को हटाए जाने के एक दिन बाद महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख (Anil Deshmukh) ने गुरुवार को कहा कि IPS अधिकारी के कुछ सहकर्मियों की ‘गंभीर और माफ नहीं की जा सकने वाली गलतियां’ के चलते उनका तबादला किया गया. परमबीर सिंह के तबादले के बाद अपनी पहली सार्वजनिक टिप्पणी में अनिल देशमुख ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पुलिस अधिकारी सचिन वाजे प्रकरण की जांच ‘उपयुक्त तरीके से और बगैर किसी बाधा’ के हो.

परमबीर सिंह, उद्योगपति मुकेश अंबानी के दक्षिण मुंबई स्थित आवास के बाहर एक संदिग्ध वाहन बरामद होने के मामले से निपटने के तरीके को लेकर आलोचना का सामना कर रहे थे. वाहन से जिलेटिन की छड़ें बरामद हुई थी. बुधवार को राज्य सरकार ने परमबीर सिंह का तबादला होम गार्ड में कर दिया. राज्य के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक हेमंत नागराले को सिंह की जगह नियुक्त किया गया.

अंबानी के आवास के पास 25 फरवरी को एक संदिग्ध वाहन पाये जाने की जांच के दौरान राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने सहायक पुलिस निरीक्षक वाजे को हाल ही में गिरफ्तार किया था. एक न्यूज पेपर के कार्यक्रम में अनिल देशमुख ने कहा कि महाराष्ट्र आतंकवाद रोधी दस्ता और एनआईए इस प्रकरण की पेशेवर तरीके से जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि NIA और ATS की जांच में दोषी पाये जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

देशमुख ने कहा, ‘सिंह का तबादला प्रशासनिक नहीं था. एनआईए और एटीएस की जांच के जरिए कुछ चीजें सामने आयी हैं.’ उन्होंने कहा, ‘मुंबई के पूर्व पुलिस प्रमुख (सिंह) के कुछ सहकर्मियों ने कुछ गंभीर गलतियां की थी. वे माफ नहीं की जा सकने वाली गलतियां थी. इसलिए उनका तबादला किया गया. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.’

(इनपुट: भाषा)

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.