'फ्री बिजली-पानी, महिलाओं को 2,500 रुपये, यमुना की सफाई और...' CM रेखा के सामने अब चुनावी वादे पूरी करने की जिम्मेदारी

Delhi News: सरकार के सामने कई चुनौतियां होंगी, जिनमें प्रमुख चुनावी वादों को पूरा करना, पिछली सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखना, प्रदूषण की समस्याओं को ठीक करना और यमुना की सफाई प्रमुख हैं.

Published date india.com Updated: February 20, 2025 2:51 PM IST
Delhi CM Rekha Gupta

Delhi News: दिल्ली में 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकार की वापसी हुई है. राम लीला मैदान में भव्य समारोह में रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. रेखा गुप्ता के साथ-साथ 6 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली है. शपथ ग्रहण के बाद अब रेखा गुप्ता के सामने कई चुनौतियां भी हैं. BJP सरकार को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा, जिनमें अपने प्रमुख चुनावी वादों को पूरा करना, पिछली सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखना, शहर के प्रदूषण और बुनियादी ढांचे की समस्याओं को ठीक करना और यमुना की सफाई शामिल है. भाजपा सरकार को राष्ट्रीय राजधानी की वित्तीय सेहत पर नजर रखते हुए ये सारे काम करने होंगे. अपने गठन के बाद से पहली बार सत्ता से बाहर हुई AAP अब विपक्ष में होगी, और BJP पर दबाव बनाएगी. हाल में संपन्न 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा चुनाव में BJP ने 48 सीट के साथ निर्णायक जीत हासिल की. वहीं, AAP को केवल 22 सीट मिलने से राजधानी में उसका एक दशक लंबा शासन समाप्त हो गया.

  1. भाजपा की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की शीर्ष प्राथमिकताओं में दिल्ली की महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक मानदेय प्रदान करने के अपने वादे को पूरा करना होगा. यह पार्टी के घोषणापत्र में एक प्रमुख प्रतिबद्धता थी. प्रधानमंत्री मोदी ने 1 फरवरी को द्वारका में एक रैली को संबोधित करते हुए आश्वासन दिया था कि अगर BJP सत्ता में आती है तो पहली कैबिनेट बैठक में राशि ट्रांसफर करने का निर्णय लिया जाएगा.
  2. भाजपा के लिए एक और बड़ी चुनौती ‘आप’ सरकार द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखना होगा, जिसमें 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, मुफ्त पानी का कनेक्शन और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा आदि शामिल हैं. BJP ने भी मतदाताओं को आश्वासन दिया था है कि ये सुविधाएं बंद नहीं किए जाएंगे. ‘आप’ नेताओं ने पार्टी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता पर सवाल उठाए हैं.
  3. हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मतदाताओं को भरोसा दिलाया था कि मुफ्त योजनाएं जारी रहेंगी, लेकिन ऐसे कार्यक्रमों में ‘भ्रष्टाचार’ को खत्म किया जाएगा. BJP को दिल्ली में अपने प्रमुख कार्यक्रमों को भी लागू करना है.
  4. भाजपा ने दिल्ली में ‘आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना’ शुरू करने का वादा किया था और यह चुनावी मुद्दा बन गया था. इस योजना के तहत प्रति लाभार्थी का पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज किया जाता है, साथ ही 5 लाख रुपये का अतिरिक्त खर्च राज्य सरकार वहन करती है.
  5. BJP ने दिल्ली के सभी ‘मोहल्ला क्लीनिक’ में सुधार करने का भी संकल्प लिया है और इनके कामकाज में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है. राजौरी गार्डन से भाजपा विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि ‘मोहल्ला क्लीनिक’ को ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ के रूप में पुनः पेश किया जाएगा.
  6. भ्रष्टाचार को लेकर ‘आप’ पर लगातार हमलावर रही भाजपा का आरोप है कि वह वित्तीय अनियमितताओं को छिपाने के लिए जानबूझकर नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट को विधानसभा में पेश करने से बचने की कोशिश कर रही है.
  7. BJP के अभियान के दौरान यमुना की सफाई एक बड़ा मुद्दा था. भाजपा ने एक दशक लंबे शासन में नदी की सफाई में विफल रहने के लिए ‘आप’ को घेरा, जबकि केजरीवाल ने आरोप लगाया कि BJP के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार नदी को ‘जहरीले अमोनिया’ से प्रदूषित कर रही है. प्रशासन ने दिल्ली में यमुना के 57 किलोमीटर लंबे हिस्से में सफाई अभियान के लिए कचरा निकालने वाली मशीनें, खरपतवार निकालने वाली मशीनें और ड्रेजर तैनात करना शुरू कर दिया है.
  8. इसके अलावा, भाजपा सरकार पर दिल्ली की खराब होती सड़कों और सीवेज व्यवस्था को सुधारने का दबाव होगा. खराब बुनियादी ढांचा मतदाताओं की एक बड़ी चिंता थी और इन मुद्दों का समाधान करना सरकार की विश्वसनीयता के लिए महत्वपूर्ण होगा.
  9. प्रदूषण दिल्ली के लिए सबसे बड़ी चिंताओं में से एक है, क्योंकि यह वैश्विक स्तर पर सबसे प्रदूषित राजधानियों में से एक है. भाजपा सरकार पर इलेक्ट्रिक वाहन (EV) नीति को अपडेट करने सहित एक प्रभावी प्रदूषण नियंत्रण रणनीति को लागू करने का दबाव होगा.
  10. BJP के लिए एक और चुनौती दिल्ली में एक स्थिर नेतृत्व बनाए रखना होगा. वर्ष 1993 से 1998 तक के अपने पिछले कार्यकाल के दौरान पार्टी के तीन अलग-अलग मुख्यमंत्री थे – मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.