Corona epidemic News: कोरोना महामारी की दूसरी लहर में कईयों ने अपनों को खोया. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऐसे सभी परिवारों को सहायता देने के लिए मुख्यमंत्री कोविड-19 परिवार आर्थिक सहायता योजना की घोषणा की है. इसी तर्ज पर दिल्ली महिला आयोग की महिला पंचायत टीम ने जगह जगह घूमकर विधवा हुई 791 महिलाओं को चिन्हित किया है और टीम ने महिलाओं का सोशल सर्वे किया व रिपोर्ट सरकार को दी.
आयोग की जानकारी के अनुसार चिन्हित की गई 791 महिलाओं में से 774 महिलाओं (97.85 फीसदी) के बच्चे हैं. 360 महिलाओं के 3-5 बच्चे हैं तो वहीं 30 महिलाओं के 5 से अधिक बच्चे हैं. चिन्हित महिलाओं में से 734 महिलाएं (92.79 फीसदी) 18-60 वर्ष की आयु के बीच हैं तो बाकी सीनियर सिटिजन हैं. 191 महिलाएं 18-35 वर्ष की आयु के बीच हैं.
इसके अलावा चिन्हित 791 महिलाओं में से 721 महिलाएं हाउसवाइफ हैं, तो वहीं बाकी बची महिलाएं घरेलू सहायिका, लेबर, छोटे बिजनेस, प्राइवेट एवं सरकारी जॉब में कार्यरत हैं. चिन्हित की गई महिलाओं में से 28.57 फीसदी महिलाओं के पास कोई आय का स्रोत नहीं है तो वहीं लगभग 60 फीसदी महिलाओं की मासिक आय 15,000 या उससे कम है.
सर्वे द्वारा ये भी पाया गया कि चिन्हित महिलाओं में से 597 महिलाओं ने अब तक वैक्सीन भी नहीं लगवाई है. इन महिलाओं को वैक्सीन लगवाना बेहद जरूरी है, इसके लिए दिल्ली महिला आयोग ने सरकार को जिलाधिकारियों को ऑर्डर कर इन सब महिलाओं की जल्द से जल्द वैक्सिनेशन करवाने की भी सलाह दी है.
आयोग के मुताबिक, दिल्ली सरकार की ये योजना इन सब महिलाओं की सहायता करने में बेहद लाभदायक साबित होंगी. आयोग द्वारा चिन्हित महिलाओं का सोशल सर्वे इन महिलाओं के पुनर्वास में काम आएगा व सरकार की योजना इन महिलाओं तक पहुंचाने में भी मदद करेगा.
आयोग ऐसी और विधवा महिलाओं को ढूंढने की प्रक्रिया में है, जिन्होंने अपने पति को कोरोना महामारी के द्वारा खोया है. दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा स्वाति मालीवाल ने ये सोशल सर्वे रिपोर्ट महिला बल विकास मंत्रालय और समाजिक कल्याण विभाग को भी भेजी है.
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा स्वाति मालीवाल ने कहा कि, सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा शुरू की गई ये योजना एक अच्छी पहल है. कोरोना महामारी में कई परिवारों ने अपनों को खोया है. हमने अपनी महिला पंचायत टीमों को मोहल्ला मोहल्ला भेज 791 ऐसी महिलाओं को चिन्हित किया जो कोरोना के चलते विधवा हुईं.
हम सरकार को इन सब महिलाओं की सोशल सर्वे रिपोर्ट भी सौंप रहे हैं जिससे सरकार को इन महिलाओं तक इस स्कीम का लाभ पहुंचाने में आसानी हो. इन महिलाओं का वैक्सिनेशन प्राथमिकता पर होना चाहिए.
(इनपुट आईएएनएस)
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.