Delhi Dtc Planing To Run Ac Bus Vaishno Devi Khatu Shyam Ayodhya
खुशखबरी! खाटू श्याम समेत इन 3 जगहों के लिए चलेंगी AC बस, दिल्ली सरकार की बड़ी योजना
दिल्ली से वैष्णो देवी, खाटू श्याम और अयोध्या के लिए जल्द डीटीसी बस सेवा शुरू हो सकती है. जानिए अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी बढ़ाने की सरकार की क्या योजना है?
दिल्ली में रहने वाले श्रद्धालुओं के लिए तीर्थ स्थल जाना अब और आसान होने वाला है. दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए अंतरराज्यीय बस सेवाएं शुरू करने की योजना बना रहा है. इस पहल के तहत, दिल्ली से वैष्णो देवी मंदिर (कटरा, जम्मू-कश्मीर), खाटू श्याम (राजस्थान) और राम मंदिर (अयोध्या, यूपी) के लिए सीधी बस सेवाएं शुरू की जा सकती हैं. सरकार का मानना है कि इससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित, आरामदायक और किफायती यात्रा का विकल्प मिलेगा. खासकर उन लोगों के लिए यह सुविधा उपयोगी होगी जो ट्रेन या निजी वाहन से यात्रा करने में असुविधा महसूस करते हैं।
17 नए रूटों पर चलेंगी 50 AC बसें
दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि डीटीसी अंतरराज्यीय संपर्क को मजबूत करने के लिए 17 नए मार्गों पर करीब 50 एसी बसों का बेड़ा शुरू करने की तैयारी कर रहा है. इन बसों के जरिए दिल्ली से पड़ोसी राज्यों और प्रमुख धार्मिक स्थानों तक सफर पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ परिवहन सुविधा बढ़ाना नहीं बल्कि यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव देना भी है. नई बसों के आने से श्रद्धालुओं के साथ-साथ रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों को भी फायदा मिलेगा.
कई अन्य मार्गों पर भी विस्तार की योजना
अधिकारियों के अनुसार, बस सेवाओं का विस्तार केवल धार्मिक स्थलों तक सीमित नहीं रहेगा. सरकार दिल्ली से कई अन्य शहरों और कस्बों के लिए भी अंतरराज्यीय बस सेवा बढ़ाने की योजना बना रही है. इनमें दिल्ली-गाजियाबाद बस टर्मिनल, दिल्ली-रेवाड़ी, दिल्ली-करनाल, दिल्ली-रोहतक, दिल्ली-अलवर और दिल्ली-जेवर जैसे मार्ग शामिल हैं. इन रूटों पर बस चलने से उन लोगों को काफी राहत मिलेगी जो रोजाना काम या पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में आते-जाते हैं. इसके अलावा क्षेत्रीय यात्रियों के लिए भी यात्रा ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगी.
दिल्ली से बिहार बस सेवा पर भी विचार
परिवहन मंत्री ने यह भी बताया कि दिल्ली में बड़ी संख्या में रहने वाले पूर्वांचल के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली और बिहार के बीच सीधी बस सेवा शुरू करने पर भी विचार किया जा रहा है. इसके लिए दोनों राज्यों के बीच समझौता ज्ञापन यानी एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है. अगर यह योजना लागू होती है तो दिल्ली और बिहार के बीच यात्रा करने वाले लोगों को ट्रेन के अलावा एक नया और सस्ता विकल्प मिल सकता है.
पहले से चल रही इलेक्ट्रिक बस सेवाएं
डीटीसी पहले ही कई महत्वपूर्ण मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू कर चुका है. इनमें दिल्ली-बड़ौत, दिल्ली-सोनीपत, दिल्ली-धारूहेड़ा और दिल्ली-पानीपत जैसे रूट शामिल हैं. इन सेवाओं से यात्रियों को अच्छी सुविधा मिल रही है. सरकार का कहना है कि आने वाले समय में और भी नए रूट जोड़े जाएंगे, जिससे दिल्ली का अंतरराज्यीय परिवहन नेटवर्क और मजबूत हो सकेगा.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Delhi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.