Delhi Rahveer Scheme Help Road Accident Victims And Get 25000 Cash
रोड एक्सीडेंट में घायलों की करें मदद और पाएं 25000, सरकार दे रही पैसा; जान लें स्कीम
सड़क हादसे के घायल को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने पर 25,000 रुपये का इनाम मिलेगा. चलिए आपको इस योजना के बारे में बताते हैं और इनाम कैसे मिलेगा ये भी बताएंगे.
इस योजना के तहत मदद करने वाले व्यक्ति को बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा. (Photo from Freepik)
रोजाना कहीं न कहीं से सड़क हादसे की खबर सामने आती है. अक्सर लोग मदद करना चाहते हैं, लेकिन पुलिस झंझट या कानूनी प्रक्रिया के डर से पीछे हट जाते हैं. अब इसी डर को खत्म करने के लिए दिल्ली में एक नई पहल शुरू की गई है. अगर कोई व्यक्ति सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल इंसान को समय पर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाता है, तो उसे 25,000 रुपये का इनाम दिया जाएगा. सरकार का मकसद साफ है – लोग डरें नहीं, आगे बढ़कर जान बचाएं.
गोल्डन ऑवर: जान बचाने का सबसे कीमती समय
डॉक्टरों के मुताबिक, हादसे के बाद का पहला एक घंटा बेहद महत्वपूर्ण होता है. इसे ही ‘गोल्डन ऑवर’ कहा जाता है. इस दौरान, अगर घायल को सही इलाज मिल जाए तो उसकी जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है. ज्यादा खून बहना, सांस लेने में दिक्कत या अंदरूनी चोटें इसी समय खतरनाक रूप ले सकती हैं. अगर आसपास मौजूद कोई व्यक्ति तुरंत एंबुलेंस बुलाए या अपने साधन से अस्पताल पहुंचा दे, तो स्थिति संभाली जा सकती है. इसी सोच के साथ यह योजना बनाई गई है ताकि लोग समय की अहमियत समझें और बिना हिचक मदद करें.
डर नहीं, अब मिलेगा संरक्षण और सम्मान
पहले कई लोग इसलिए मदद नहीं करते थे, क्योंकि उन्हें पुलिस पूछताछ या कोर्ट-कचहरी के चक्कर का डर रहता था. लेकिन इस योजना के तहत मदद करने वाले व्यक्ति को बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा. उसे कानूनी सुरक्षा भी मिलेगी और पहचान उजागर करने की मजबूरी भी नहीं होगी, अगर वह नहीं चाहता. सरकार चाहती है कि आम नागरिक सिर्फ तमाशबीन न बनें, बल्कि जिम्मेदार नागरिक की तरह आगे आएं. यह पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.
इनाम पाने की प्रक्रिया क्या है?
इस योजना में कोई जटिल शर्तें नहीं रखी गई हैं. कोई भी नागरिक, जो गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को हादसे के एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाएगा, वह 25,000 रुपये के इनाम का हकदार होगा. अगर एक ही हादसे में कई लोग मदद करते हैं, तब भी अधिकतम 25,000 रुपये की राशि दी जाएगी. इसके साथ एक प्रशंसा पत्र भी मिलेगा, ताकि मदद करने वाले को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जा सके. मकसद यही है कि लोग प्रेरित हों और जरूरत पड़ने पर आगे बढ़ें.
राहवीर योजना से जुड़े राष्ट्रीय सम्मान
दिल्ली में यह पहल केंद्र सरकार की राहवीर योजना से भी जुड़ी है. इस योजना के तहत पूरे देश में हर साल 10 ऐसे लोगों को चुना जाएगा, जिन्होंने बहादुरी और इंसानियत का उदाहरण पेश किया हो. उन्हें 1 लाख रुपये का विशेष सम्मान दिया जाएगा. यह कदम सिर्फ इनाम देने के लिए नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने के लिए उठाया गया है. जितनी जल्दी मेडिकल मदद मिलेगी, उतनी ज्यादा जिंदगियां बचाई जा सकेंगी. अब वक्त है कि हम डर को छोड़कर इंसानियत को चुनें.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Delhi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.