If Aap Forms Government In Delhi What Will Be Manish Sisodias Responsibility Arvind Kejriwal Reveals Ahead Of Election
Delhi Polls: दिल्ली में 'AAP' की बनी सरकार तो क्या होगी सिसोदिया की जिम्मेदारी? केजरीवाल ने कर दिया खुलासा
Delhi Assembly Election: अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कहा कि अगर दिल्ली में विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी जीत जाती है तो मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) फिर से उपमुख्यमंत्री बनेंगे.
Delhi Assembly Election: दिल्ली में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां जोरों पर है. सत्ताधारी आम आदमी पार्टी एक बार जीत का दावा कर रही है. वहीं, दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी लंबे समय बाद दिल्ली की गद्दी पर काबिज होने की कोशिशों में जुटी है. कांग्रेस भी पूरी तरह से जोर आजमाइश में लगी हुई है. राष्ट्रीय राजधानी की सभी 70 सीटों पर 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे और नतीजे 8 को आएंगे. इन सबके बीच आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने बड़ा ऐलान किया है. केजरीवाल ने कहा कि अगर दिल्ली में विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी जीत जाती है तो मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) फिर से उपमुख्यमंत्री बनेंगे.
क्या बोले केजरीवाल?
केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार सिसोदिया के पक्ष में जंगपुरा निर्वाचन क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही. उन्होंने मतदाताओं से सिसोदिया को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा, ‘वह सरकार में उप मुख्यमंत्री बनेंगे और उनके साथ आप सब भी उप मुख्यमंत्री बनेंगे.’ केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर आरोप लगाया कि उसने दिल्ली में उनके 10 साल के कार्यकाल के दौरान शहर में विकास कार्यों में बाधा डाली.
BJP पर बोला हमला
उन्होंने कहा, ‘पिछली बार भाजपा ने 8 विधानसभा क्षेत्रों में जीत दर्ज की थी. उन्होंने अपने क्षेत्रों में कोई काम नहीं होने दिया. उन आठों विधायकों ने अपने विधानसभा क्षेत्र को नरक बना दिया. आप लोगों को भूलकर भी ऐसी गलती नहीं करनी चाहिए.’ उन्होंने मतदाताओं से सिसोदिया को विधायक चुनने की अपील करते हुए कहा कि उन्होंने और पूर्व उप मुख्यमंत्री सिसोदिया ने मिलकर सरकारी स्कूलों को उनके बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए बेहतरीन बनाया.
सिसोदिया का मुकाबला किस से?
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘अब भाजपा वाले कह रहे हैं कि अगर उनकी सरकार बनी तो वे यहां भी सभी सरकारी स्कूल बंद कर देंगे. आपको किसे चुनना है – आप को, जो सरकारी स्कूल बनाती है या भाजपा, जो उन्हें बंद करती है.’ पटपड़गंज सीट छोड़कर जंगपुरा से चुनाव लड़ रहे सिसोदिया ने चुनाव जीतने पर ‘परिवर्तनकारी’ शासन का वादा किया. उन्होंने कहा, ‘अगर मैं जंगपुरा से जीतता हूं तो यहां का हर भाई-बहन उपमुख्यमंत्री बनेगा. यहां के लोगों के काम को रोकने की हिम्मत कोई नहीं कर सकता.’ जंगपुरा सीट पर BJP ने तरविंदर सिंह मारवाह और कांग्रेस ने फरहाद सूरी को उम्मीदवार बनाया है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Delhi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.